Ghaziabad News : जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने जनता दर्शन में लोगों की जनसमस्याएं सुनी और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विभागीय कार्यों की गुणवत्ता एवं कार्यप्रणाली में सुधार लाना जरूरी है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं को सुना। जनता दर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र एवं शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने जनमानस की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्य दिवस में प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जन शिकायतें सुनना सुनिश्चित करें। इस दौरान जूम के माध्यम से लाइव रहकर शिकायतों की समीक्षा करें। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी द्वारा कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। साथ ही जूम के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से संपर्क स्थापित कर उन्हें शिकायतों से अवगत कराते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं
जिलाधिकारी ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को मिलावटखोरी एवं कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी के साथ श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं अन्य व्यवस्थाओं की जांच करते हुए अभियान चलाकर कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सड़कों पर संचालित डग्गामार वाहनों, अनफिट वाहनों एवं अनफिट एंबुलेंसों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए, जिससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त सीएम डैशबोर्ड पुस्तिका में सुधार लाने हेतु सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विभागीय कार्यों की गुणवत्ता एवं कार्यप्रणाली में सुधार लाना अनिवार्य है। जिससे शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप बेहतर परिणाम प्राप्त हो सकें। उन्होने कहा कि जनसुरक्षा, जनहित एवं जनसुविधा हेतु विशेष अभियान चलाये जायें।
जनसुनवाई के दौरान एडीएम एल/ए अवनीश, एडीएम ई ज्योति मौर्य, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

