Ghaziabad News : नगर निगम ने राहगीरों के लिए कूलिंग स्टेशन बनाए हैं। इससे राहगीरों को असहनीय गर्मी से राहत मिलेगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर गाजियाबाद नगर निगम राहगीरों के लिए संसाधनों को बढ़ा रहा है। शीतल जल पीने के लिए अस्थाई प्याऊ, राह में चलते हुए ट्रैफिक सिगनलों पर ग्रीन नेट की व्यवस्था, नींबू पानी इत्यादि की व्यवस्था गर्मी से बचाव के लिए की जा रही है। इसी क्रम में शहर में अब कूलिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। गर्म हवाओं से बचने के लिए गाजियाबाद नगर निगम जलकल विभाग द्वारा लगभग सात स्थानों पर कूलिंग स्टेशन बनाने का कार्य किया जा रहा है। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि पांच कूलिंग स्टेशन राहगीरों के लिए सार्वजनिक स्थलों पर बन चुके हैंं। कौशांबी बस अड्डा, नया बस अड्डा, नवयुग मार्केट, किराना मंडी के सार्वजनिक स्थल पर कूलिंग स्टेशन राहगीरों की विश्राम हेतु बनाए है। जरूरत पड़ने पर विजयनगर क्षेत्र में स्थान का चयन करते हुए कूलिंग स्टेशन बनाने की तैयारी चल रही है।
बैठने के लिए बेंच और शीतल पेयजल की व्यवस्था
नगर आयुक्त ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा गर्मी को देखते हुए राहगीरों के लिए कूलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जिसमें बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था, शीतल पेयजल की व्यवस्था, कूलर की व्यवस्था, चारों तरफ लगी सूखी घास को ठंडा रखने के लिए पाइपलाइन की फिटिंग की गई है। जिसमें पानी आने से कमरा ठंडा रखने की व्यवस्था की गई है। राहगीरों द्वारा तेज गर्मी और गर्म हवा से बचने के लिए कूलिंग स्टेशन में आश्रय लिया जा रहा है। आवश्यकता को देखते हुए कूलिंग स्टेशन की संख्या बढ़ाने के निर्देश टीम को दिए गए हैं, आवश्यक रूप से मॉनिटरिंग को बनाए रखने के लिए भी टीम को कहा गया है।



