New Delhi: तीन माह पहले रालोद में शामिल हुए केसी त्यागी का राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) में कद बढ़ गया है। पूर्व सांसद केसी त्यागी को रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए पार्टी के संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है। केसी त्यागी की नियुक्ति को पार्टी संगठन में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
जनता दल यू को छोड़कर शामिल हुए थे रालोद में
वरिष्ठ नेता केसी त्यागी तीन माह पूर्व जनता दल (यूनाइटेड) छोड़ राष्ट्रीय लोक दल में शामिल हुए थे। रालोद की ओर से जारी सूची में केसी त्यागी के नाम के साथ उन्हें “मीसा बंदी एवं पूर्व सांसद, उत्तर प्रदेश” के रूप में उल्लेखित किया है।
बता दें केसी त्यागी को राष्ट्रीय और गठबंधन राजनीति का अनुभव है। विभिन्न दलों के साथ समन्वय और संसदीय मामलों की उनकी समझ का लाभ रालोद को राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के विस्तार और रणनीति तैयार करने में मिलेगा।
पश्चिम की राजनीति में नियुक्ति अहम
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में केसी त्यागी की इस नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है। किसान राजनीति और त्यागी समाज में बड़ी पहचान को देखते हुए माना जा रहा है कि इससे रालोद को अपना जनाधार मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
लगातार मजबूत हो रही रालोद
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी संगठन की मजबूत और पार्टी विस्तार की दिशा में मजबूत कदम उठा रहे हैं। केसी त्यागी को संसदीय बोर्ड की कमान सौंपना इसी संगठनात्मक दृष्टिकोण का परिणाम है।
कमेटी में ये भी शामिल
कमेटी में तारीफ सिंह (पूर्व सांसद), मेजर जनरल बिशम्बर दयाल (वीएसएम सेवानिवृत्त), अशोक यादव (पूर्व मंत्री, उत्तर प्रदेश), मुंशी राम (पूर्व सांसद, उत्तर प्रदेश), राजकुमार सांगवान (सांसद बागपत एवं नेता सदन, लोकसभा), मलूक नागर (पूर्व सांसद, उत्तर प्रदेश), अब्दुर सगीर खान (पूर्व विधायक, राजस्थान), राजपाल बालियान (विधायक एवं नेता सदन, उत्तर प्रदेश), सुभाष गर्ग (विधायक, राजस्थान), योगेश चौधरी (विधान परिषद सदस्य एवं नेता सदन), अनिल दुबे (लखनऊ) और डॉ. यशपाल बघेल (आगरा) को सदस्य बनाया है।

