New Delhi: राजस्थान के जिला दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात भीषण हादसे में आठ लोगों की जलकर मौत हो गई। ऋषिकेश से इंदौर जा रही स्लीपर बस में जबरदस्त आग लग गई। स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। दोनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। आज में जलकर अभी तक आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। हादसे में 21 लोग घायल हैं।
मृतकों की मौत आग में झुलसने से हुई
एसपी पीयूष दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसा थाना कोलवा के तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट पर रात 2:30 बजे हुआ। मृतकों की मौत आग में झुलसने से हुई। जबकि दो के सिर में गंभीर चोट है। हादसे में घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। स्लीपर बस तेजी से फैली आग की चपेट में आ गई। जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। बस करीब एक घंटे तक जलती रही। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने आग और धुएं के बीच फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने की कोशिश की। हादसे में कई बच्चे झुलसे हैं। अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजनों का बुरा हाल है। एक महिला श्रद्धालु अपने घायल बच्चे के इलाज के लिए गुहार लगाती नजर आई।
सिगरेट पैकेट होने का दावा
स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट थे। लोगों का मानना है कि इसी वजह से आग ने विकराल रूप लिया। पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की और मामले की जांच की जा रही है।

