Ghaziabad News: खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने लोक निर्माण विभाग के सर्किट हाउस, गाजियाबाद में खाद्य एवं रसद विभाग की मण्डलीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मेरठ मण्डल के विभिन्न जनपदों के खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गौतमबुद्धनगर स्मृति गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे
बैठक में संयुक्त आयुक्त (खाद्य) मेरठ मण्डल राजन गोयल, सम्भागीय खाद्य विपणन अधिकारी निश्चल आनन्द, जिला खाद्य विपणन अधिकारी गाजियाबाद/मेरठ कौशल देव, जिला पूर्ति अधिकारी गाजियाबाद अमित तिवारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी हापुड़ समरेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी हापुड़ सीमा, जिला पूर्ति अधिकारी मेरठ विनय कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी बुलंदशहर अभय सिंह, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी बुलंदशहर रवि प्रकाश, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी गौतमबुद्धनगर महिमा शुक्ला तथा क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी गौतमबुद्धनगर स्मृति गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रबी विपणन वर्ष के गेंहू खरीद की समीक्षा
समीक्षा बैठक में सर्वप्रथम रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत गेंहू खरीद की प्रगति की समीक्षा की गई। सम्भागीय खाद्य विपणन अधिकारी ने अवगत कराया कि मेरठ सम्भाग में 51 हजार मीट्रिक टन गेंहू खरीद लक्ष्य के सापेक्ष 15 जून 2026 तक 36,453.98 मीट्रिक टन गेंहू की खरीद की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 71.48 प्रतिशत है।
जनपद गाजियाबाद में 2 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 1,779.94 मीट्रिक टन गेंहू की खरीद
बैठक में बताया गया कि जनपद गाजियाबाद में 2 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 1,779.94 मीट्रिक टन गेंहू की खरीद की गई है, जो लक्ष्य का 88.97 प्रतिशत है। खरीदा गया समस्त गेंहू भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के डिपो में भेजा जा चुका है। इसी प्रकार जनपद मेरठ में 7 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 6,119.65 मीट्रिक टन गेंहू की खरीद की गई, जो लक्ष्य का 87.42 प्रतिशत है। अधिकारियों ने बताया कि शेष 163.14 मीट्रिक टन गेंहू को आगामी दो दिनों के भीतर एफसीआई डिपो में भेज दिया जाएगा।
समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
जनपद हापुड़ में 5 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 4,219.21 मीट्रिक टन गेंहू की खरीद की गई है, जो लक्ष्य का 84.38 प्रतिशत है। अवशेष 164.39 मीट्रिक टन गेंहू को शीघ्र ही एफसीआई डिपो में प्रेषित किए जाने की जानकारी दी गई। बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि जनपद बागपत में 5 हजार मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष 3,051.37 मीट्रिक टन गेंहू की खरीद की गई है, जो लक्ष्य का 61.03 प्रतिशत है। मंत्री ने गेंहू खरीद, भंडारण तथा समयबद्ध प्रेषण की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

