Ghaziabad News: मोदीनगर नगर पालिका के पास अवैध यप से बनी 14 दुकानों को आज सोमवार को ध्वस्त कर दिया गया। बेगमाबाद बुदाना स्थित बड़ी मस्जिद के मैनेजर मोहम्मद आरिफ के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। मोदीनगर क्षेत्र स्थित बेगमाबाद में नगर पालिका की भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलवाया। बड़ी मस्जिद के पास नगर पालिका की जमीन पर अवैध रूप से बनी 14 दुकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई सुबह शुरू हुई। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों पर कुल 2.23 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
दो दिन पहले अवैध कब्जा हटाने के निर्देश
प्रशाासन ने दुकानदारों को दो दिन पहले अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिए थे। प्रशासन ने संबंधित लोगों को नोटिस चस्पा कर अवैध कब्जा हटाने को कहा था। नोटिस में चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासनिक कार्रवाई होगी। कार्रवाई की आहट मिलने पर देर रात कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपनी दुकानों को तोड़ना शुरू कर दिया था।
पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची
सोमवार सुबह एसडीएम मोदीनगर अजीत सिंह के निर्देशन में प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। बुलडोजरों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान शुरू किया गया। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।
2.23 करोड़ रुपये का आर्थिक दंड
अधिकारियों के अनुसार, जामा मस्जिद के पास नगर पालिका की भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर दुकानें बनाई गई थीं। प्रशासन ने जांच के बाद इन निर्माणों को अवैध घोषित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। साथ ही अवैध कब्जा करने वाले लोगों पर 2.23 करोड़ रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया है।
डीसीपी बोले अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं
डीसीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीएम अजीत सिंह ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है, जबकि ध्वस्तीकरण अभियान की तस्वीरें और वीडियो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।

