Noida news: गौतमबुद्धनगर में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। ग्रेटर नोएडा की एक सोसायटी में परिजनों की डांट से परेशान एक छात्र ने 17वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। दूसरी ओर दादरी रेलवे स्टेशन पर युवक ट्रेन की चपेट में आकर कट गया। दोनों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नशे का आदी था छात्र
थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि गौरव कुमार पुत्र अजय कुमार सेक्टर-151 स्थित जेपी अमन सोसायटी में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह एक कॉलेज में अध्ययनरत थे तथा नशे के आदी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार रविवार तड़के गौरव नशे की हालत में घर पहुंचे, जिस पर परिजनों ने उन्हें फटकार लगाई। इसको लेकर परिवार के साथ विवाद हो गया। विवाद के देर बाद गौरव ने सोसायटी की 17वीं मंजिल से छलांग लगा दी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना नॉलेज पार्क पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत
दूसरी घटना दादरी रेलवे स्टेशन पर हुई है। जीआरपी चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि जारचा निवासी 34 वर्षीय रोहित पुत्र रामदास ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों घटनाओं में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

