Ghaziabad Crime News: जनपद गाजियाबाद के मोदीनगर कस्बे में लापता सब्जी विक्रेता का शव संदिग्ध अवस्था में पुलिस चौकी के पास मिला है। मृतक की पहचान जगतपुरी कॉलोनी निवासी मंगू (पुत्र रणवीर सिंह) के रूप में हुई है। शव की सूचना से क्षत्र में सनसनी फैल गई है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आपसी विवाद में पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
सब्जी बेचने का काम करता था मृतक
मृतक के पिता रणवीर सिंह ने रोते हुए बताया कि मंगू सब्जी बेचने का काम करता था। वही परिवार में अकेला कमाने वाला था। सोमवार सुबह वह अपनी बहन के घर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने लगा। जिससे परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान हो उठे। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि मोदीनगर-हापुड़ मार्ग पर मोदीपोन पुलिस चौकी के पास युवक का शव मिला है। पुलिस ने जब शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली, तो मृतक की जेब से मिले मोबाइल के आधार पर शिनाख्त मंगू के रूप में हुई।
पत्नी और दो मासूम पुत्रियां
सब्जी विक्रेता मंगू विवाहित थे और उनके परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो मासूम पुत्रियां हैं। मंगू की इस तरह अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से मामले की गहनता से जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। मौत का असली और सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

