Lucknow News: लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर सऊदी अरब से हज यात्रा करके लौटे यात्रियों ने हंगामा कर दिया। हज यात्रियों ने जब अपने सामान की जांच की तो उनके बैगों के ताले टूटे मिले। कुछ बैगों की सुरक्षा सील टूटी हुई मिली। हज यात्रियों का आरोप है कि बैग खोलने पर पता चला कि कीमती वस्तुएं गायब हैं। किसी ने घड़ियां चोरी होने की शिकायत की, तो किसी ने नकाब, हिजाब और सोने की ज्वेलरी गायब होने का आरोप लगाया। एक महिला हज्जन ने लिखित शिकायत देकर बताया कि उनके बैग की सील हटाई है और अंदर रखा कीमती सामान गायब मिला है। हज पर गए हाजी अकबर अली ने दावा किया कि उनका पूरा बैग गायब हो गया।
लोगों ने की निष्पक्ष जांच करने की मांग
एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा जमकर फूटा। बड़ी संख्या में हज पर गए लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सबसे हैरान करने वाली बात है कि हज यात्रियों का दावा है कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। उनका कहना है कि 50 से अधिक यात्रियों के सामान के साथ छेड़छाड़ की गई है। कई हाजियों की कीमती वस्तुएं गायब मिली हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
एयरपोर्ट पर हुए घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में नाराज हज यात्री अधिकारियों से सवाल पूछते और कार्रवाई की मांग करते दिख रहे हैं। इन आरोपों की जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। लेकिन फिलहाल इस घटना ने हज यात्रियों की सुरक्षा और लगेज हैंडलिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हज जैसी पवित्र यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं के साथ आखिर यह कैसे हुआ? यह सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक है, या फिर सामान के साथ किसी स्तर पर लापरवाही है?

