Ghaziabad Crime News: जिले के थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना के आरोपी को मुठभेड़ में पैर में गोली लगी है। आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी से तमंचा, कारतूस और स्कूटी बरामद की है। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लोनी बॉर्डर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, जिंदा कारतूस 315 बोर, एक खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी बरामद हुई है। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



