Wednesday, June 3, 2026
HomeSportगाजियाबाद इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम से जिले को मिलेगी नई पहचान

गाजियाबाद इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम से जिले को मिलेगी नई पहचान

Ghaziabad News: गाजियाबाद में प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम जल्द ही आकार लेता नजर आएगा। इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनने से अंतराष्ट्रीय पटल पर गाजियाबाद का नाम दिखाई देगा।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने शासन को इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का प्रस्ताव भेजा है। जीडीए की इस पहल से राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की परियोजना को गति मिलेगी।
प्राधिकरण ने की एक महत्वकांक्षी पहल
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा जनपद को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में विश्वस्तरीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के विकास की महत्वाकांक्षी पहल की गई है। इसी क्रम में प्राधिकरण द्वारा विस्तृत परीक्षण एवं विचार-विमर्श के उपरांत परियोजना का प्रस्ताव शासन को अनुमोदन हेतु प्रेषित किया गया है। प्राधिकरण द्वारा इस परियोजना की जरूरत, व्यवहार्यता एवं जनपद के दीर्घकालिक विकास पर पड़ने वाले प्रभावों का व्यापक अध्ययन कराया गया।
एनसीआर में स्टेडियम उपलब्ध नहीं
परीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम उपलब्ध नहीं है, जबकि गाजियाबाद की भौगोलिक स्थिति, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी एवं तेजी से विकसित हो रहा शहरी स्वरूप ऐसी परियोजना के लिए अत्यंत उपयुक्त है।
उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के साथ कई दौर की बैठकें एवं विचार-विमर्श आयोजित किए। प्राधिकरण के प्रयासों के परिणामस्वरूप यूपीसीए द्वारा भी इस परियोजना को संयुक्त उपक्रम मॉडल के माध्यम से विकसित करने के प्रति सिद्धांततः सहमति प्रदान की गई।
बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया था प्लान
इसके उपरांत प्राधिकरण द्वारा विषय को अपने बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श के बाद आवश्यक संस्तुतियाँ प्रदान की गईं। बोर्ड की संस्तुति के आधार पर परियोजना का प्रस्ताव शासन को अनुमोदन हेतु प्रेषित किया गया है। प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रिकेट स्टेडियम, क्रिकेट अकादमी, प्रशिक्षण केंद्र, फिटनेस एवं स्पोर्ट्स साइंस सुविधाओं का विकास किया जाना प्रस्तावित है। परियोजना को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मध्य संयुक्त उपक्रम मॉडल पर विकसित किए जाने का प्रस्ताव है।
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का मानना है कि इस परियोजना के साकार होने से जनपद को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्राप्त होगी। साथ ही पर्यटन, होटल, परिवहन, व्यापार एवं सेवा क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह परियोजना प्रदेश में खेल अवसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments