Ghaziabad Crime News : गाजियाबाद के लोनी में ईद उल अजहा पर युवक सूर्या चौहान की हत्या के आरोपी असद को पुलिस ने आज मुठभेड़ में मार गिराया है।
28 मई ईद उल अजहा पर की थी हत्या
डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि खोड़ा थाना इलाके में 28 मई को सूर्या चौहान नामक युवक की कुछ युवकों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। मृतक युवक के परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
तीन आरोपी पुलिस ने भेज दिए थे जेल
तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मुख्य हत्यारोपी असद वंचित था और उसकी गिरफ्तारी पर कमिश्नरेट पुलिस ने 50 हजार रुपए ईनाम घोषित किया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्यारोपी असद अपने कुछ साथियों के साथ भागने की फिराक है। वह पैसे लेने के लिए खोड़ा अपने साथियों से मिलने आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान वसुंधरा क्षेत्र में असद अपने साथी के साथ बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। असद ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी।
असद पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ
जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार असद पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां ईनामी बदमाश असद को मृत घोषित कर दिया गया। मुठभेड़ में खोड़ा थाने का एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान असद का एक अन्य साथी भाग निकला। मृतक बदमाश असद से एक कंट्री मेड पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ है।
गाजियाबाद के लोनी में ईद उल अजहा पर युवक की हत्या का आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर
RELATED ARTICLES

