Ghaziabad News : गाजियाबाद में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शनिवार की शाम 4 बजे से मौसम ने पलटी मारी। पिछले कई दिनों से गाजियाबाद का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। शुक्रवार को बदले मौसम के कारण अधिकतम तापमान 36 डिग्री पर पहुंच गया। धूल भरी आंधी से करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर गया। गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में तेज धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम में आए बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली।
शाम के समय आसमान में बादल छा गए
शनिवार को सुबह तेज धूप और गर्म हवा का असर महसूस की जा रही थी। शाम के समय आसमान में बादल छा गए और मौसम बदल गया। गाजियाबाद में तेज धूलभरी आंधी चली। जिसकी रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। तेज हवा के कारण कई जगहों पर दृश्यता प्रभावित हुई। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
बूंदाबांदी ने बदला मौसम
गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी के बाद हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। काले बादलों और ठंडी हवा के साथ हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। सड़क पर चल रहे लोगों और वाहन चालकों को धूल भरी आंधी सामना करना पड़ा।
मौसम खराब रहने की संभावना
मौसम विभाग ने पहले ही गाजियाबाद-एनसीआर के लिए आने वाले दो दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना व्यक्त की थी। मौसम वैज्ञानिकों ने हल्की बारिश, तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया था। मौसम वैज्ञानिक सूरज देव का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण क्षेत्र में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों तक गाजियाबाद-एनसीआर में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। जो पिछले कुछ दिनों की तुलना में काफी कम है। वहीं शनिवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से काफी नीचे है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।



