Ghaziabad News : जिले के राजकीय पौधशालाओं के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। ये जानकारी जिला उद्यान अधिकारी निधि सिंह ने दी। जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में आयोजित उद्यान विकास समिति की बैठक में राजकीय सार्वजनिक/अलंकृत उद्यानों के रख-रखाव हेतु विस्तृत चर्चा की गयी।
वर्कशॉप हाउस एवं एक तालाब की स्थापना का प्रस्ताव
उद्यान विकास समिति के सहयोग से राजकीय पौधशाला कविनगर गाजियाबाद में बटरफ्लाई गार्डन की स्थापना के विषय में चर्चा की गयी जिसमें जिला उद्यान अधिकारी द्वारा समिति के सदस्यों से आस-पास में पूर्व में स्थापित बटरफ्लाई गार्डन का स्वयं भी भ्रमण कर उसकी स्थापना हेतु आवश्यक संसाधनों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के संबंध में कहा गया। राजकीय पौधशाला कविनगर गाजियाबाद में आम जनमानस एक ग्लास हाउस, वर्कशॉप हाउस एवं एक तालाब की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया।जिनकी स्थापना हेतु समिति के सदस्यों के साथ राजकीय पौधशाला का भ्रमण कर ग्लास हाउस की स्थापना, वर्कशॉप हॉल की स्थापना एवं तालाब की स्थापना हेतु स्थल का चयन कर लिया गया है। सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी सुरेन्द्र सिंह द्वारा वाटर कन्जर्वेशन एवं वेस्टेज के निस्तारण करने हेतु प्रस्तावित किया गया।
राजकीय पौधशाला गोविन्दपुरी में फॉरेस्ट रेल का प्रस्ताव
जिला उद्यान अधिकारी, गाजियाबाद द्वारा राजकीय पौधशाला गोविन्दपुरी मोदीनगर में फॉरेस्ट रेल बनाने हेतु प्रस्ताव तैयार हेतु प्रभारी राजकीय पौधशाला गोविन्दपुरी मोदीनगर को निर्देश दिये गये। जिला उद्यान अधिकरी द्वारा राजकीय पौधशाला कविनगर गाजियाबाद एवं राजकीय पौधशाला गोविन्दपुरी मोदीनगर में पाथवे निर्माण हेतु ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, गाजियाबाद से प्रस्ताव तैयार कराने हेतु पौधशाला प्रभारियों को निर्देश दिया।
किचन गार्डन की स्थापना पर बल
रमा त्यागी, सदस्य उद्यान विकास समिति द्वारा जनपद में किचन गार्डन की स्थापना कराने पर विशेष बल दिया गया। श्रीमती अर्चना प्रमोद समिति की सदस्य द्वारा हाईटेक नर्सरी में उत्पादित सब्जी की पौध के फोटो भी ग्रुप में डालने हेतु सुझाव दिया गया जिससे आम जनों तक हाईटेक नर्सरी में तैयार सब्जी पौध का प्रचार-प्रसार किया जा सके।
शेडनेट कराकर उस पर कांटेदार जाली
जिला उद्यान अधिकारी, द्वारा सुझाव दिया गया कि उप्र भवन, नई दिल्ली स्थित सार्वजनिक उद्यान पर निर्मित शेडनेट हाउस की मरम्मत इस प्रकार से कराई जाये कि बन्दर आदि उसको तोड न पायें। जिसके संबंध में समिति की अध्यक्ष उपनिदेशक उद्यान, मेरठ मण्डल मेरठ द्वारा सुझाव दिया गया कि शेडनेट हाउस को सही कराकर उस पर कांटेदार जाली लगायी जाये।
अलंकृत पौधों के मातृ ब्लॉक स्थापित
जिला उद्यान अधिकारी, द्वारा राजकीय पौधशाला कविनगर गाजियाबाद पर अलंकृत पौधों के मातृ ब्लॉक स्थापित करने हेतु मातृ पौधों के बारे में जानकारी चाही गयी जिसमें समिति के सदस्य श्री डी०के० शर्मा जी द्वारा अलंकृत पौधों के मातृ पौधे दिलाने हेतु आश्वासन दिया गया। उक्त के अतिरिक्त जिला उद्यान अधिकारी, द्वारा राजकीय पौधशाला कविनगर गाजियाबाद में अलंकृत पार्कों में टॉपियारी को नए सिरे से स्थापित करने हेतु कहा गया, जिसमें समिति की सदस्य श्रीमती अर्चना प्रमोद जी द्वारा सुझाव दिया गया कि पार्क में मोर की टॉपियारी लगायी जाये जिसमें अपराजिता के फूल की बेल लगायी जाये। अन्त में समिति की अध्यक्षता कर रहीं पूजा, उपनिदेशक उद्यान मेरठ मण्डल, मेरठ द्वारा समिति के समस्त सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

