गाजियाबाद। गाजियाबाद में आसमान से आग बरस रही है। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। बढ़ते तापमान के बीच हालात ये हैं कि सुबह 9 बजे से ही सूरज आग उगल रहा है। जिसके चलते लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है।
चार दिन भीषण लू का अलर्ट
गाजियाबाद डीएम रविंद्र कुमार मांदड द्वारा जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार 19 मई से 22 मई 2026 के बीच दैनिक तापमान में तेजी से वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। हीटवेव (लू) असामान्य रूप से उच्चतम तापमान की अवधि है। जब तापमान सामान्य तापमान से अधिक दर्ज किया जाता है। वर्तमान समय में जनपद में परिस्थितियां हीटवेव के अनुकूल बनी हुई है। उच्च आद्रता तथा वायुमण्डलीय परिस्थितियों के कारण उच्च तापमान लोगों को प्रतिकूल रूप से प्रभावित करता है, जिसके कारण शरीर में पानी की कमी (डिहाईड्रेशन) एवं ऐठन की शिकायत आती है और कभी-कभी इसके कारण लोगो की मौत भी हो जाती है।
शहर में बनी अर्बन हीट आइलैंड की स्थिति
शहरी क्षेत्रों में तापमान उच्चतम हो जाने से अर्बन हीट आइलैंड की स्थिति बन जाती है। हिटवेव (लू) से वृद्ध, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बीमार, मजदूर, दुर्बल, एव निराश्रित लोग अधिक प्रभावित होते हैं। जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण जनपद गाजियाबाद हिटवेव (लू) से बचाव हेतु निम्न बातों की ओर ध्यान आकर्षित कराना चाहता है।
हीट वेव/लू प्रकोप से बचाव के लिए करें ये उपाय
कडी धूप में विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचें। हल्के रंग के ढीले-ढाले और सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय अपना सिर ढक कर रखें, कपडे, टोपी या छाता का उपयोग करें।
पर्याप्त और नियमित अन्तराल पर पानी पीते रहे। सफर मे अपने साथ पीने का पानी हमेशा रखें। खुद को हाइड्रेट रखने के लिए ओआरएस घोल, नाारियल का पानी, लस्सी, चावल का पानी, नीबू का पानी, छाछ, आम का पन्ना इत्यादि घरेलू पेय पदार्थो को इस्तेमल करें। 6. रेडियो, टीवी और समाचार पत्रो के माध्यम से स्थानीय मौसम एवं तापमान की जानकारी रखें। कमजोरी, चक्कर आने या बीमार महसूस होने पर तुरन्त डॉक्टर से सम्पर्क करे। अपने घर को ठंडा रखे, पर्दे, शटर आदि का इस्तेमाल करे।
हीट वेव/लू प्रकोप से बचाव भूलकर भी ना करें ये काम
भीषण गर्मी में दोपहर के समय अधिक श्रम वाली गतिविधियों को न करे। उच्च प्रोटीन वाले भोजन से बचें और बासी भोजन न करें। शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड शीतल पेय पदार्थों का सेवन करने से बचें क्योकि ये शरीर को निर्जलित करतें हैं। दोपहर में जब दिन का तापमान अधिक हो उस दौरान खाना पकाने से बचें। रसोई घर को हवादार बनाये रखने के लिये खिडकी व दरवाजे खुले रखे। अपनी सुरक्षा, परिवार की सुरक्षा, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। सुरक्षा ही बचाव है-लू से बचें, स्वस्थ्य रहें।

