गाजियाबाद। गाजियाबाद में दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन, शास्त्री नगर, गाजियाबाद में विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
रोजगार मेले में Spark Minda कंपनी द्वारा प्रतिभाग किया
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने बताया कि इस रोजगार मेले में Spark Minda कंपनी द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। कंपनी का कार्यालय CD-2D/1, Ecotech-III, Udyog Kendra, Greater Noida, जनपद गौतमबुद्ध नगर में स्थित है। चयनित दिव्यांगजनों को ग्रेटर नोएडा स्थित कंपनी में रोजगार प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु दिव्यांगजनों की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता दसवीं पास निर्धारित की गई है। इच्छुक दिव्यांगजन प्रातः 10 बजे अपने आवश्यक दस्तावेजों सहित रोजगार मेले में उपस्थित हो सकते हैं।
दिव्यांगजनों का वेतन 13 हजार से 25 हजार प्रतिमाह
उन्होंने बताया कि चयनित दिव्यांगजनों का वेतन 13,000 हजार से 25,000 रुपये प्रतिमाह तक रहेगा। दिव्यांगजनों की शैक्षिक योग्यता एवं कार्य अनुभव के आधार पर वेतन निर्धारित किया जाएगा। अधिक योग्य एवं अनुभवी अभ्यर्थियों को अधिक वेतन प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनेक दिव्यांगजन लंबे समय से ऐसे रोजगार मेले का इंतजार कर रहे थे। कई दिव्यांगजनों द्वारा पिछले कुछ महीनों से दिव्यांग कल्याण विभाग में अपना बायोडाटा भी जमा कराया गया था। अब दिव्यांगजनों के लिए रोजगार प्राप्त करने का एक अच्छा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।
दिव्यांगजन अधिकारी ने की दिव्यांग से अपील
अंशुल चौहान ने दिव्यांग भाई-बहनों से अपील करते हुए कहा कि केवल गाजियाबाद ही नहीं बल्कि अन्य जनपदों के दिव्यांगजन भी इस रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। जो दिव्यांगजन ग्रेटर नोएडा स्थित कंपनी में कार्य करने के इच्छुक हों तथा नियमित रूप से नौकरी करने के लिए तैयार हों, वे रोजगार मेले में अवश्य आएं।

