गाजियाबाद। गाजियाबाद हापुड चुंगी स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में दिनांक 21 मई, 2026 को ‘पासपोर्ट लोक अदालत’ का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप ने बताया कि पासपोर्ट आवेदकों की लंबित फाइलों के निस्तारण के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद द्वारा “पासपोर्ट लोक अदालत” का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य पासपोर्ट से सम्बंधित लंबित फाइलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।
आवेदकों से मिलकर सुनी जाएगी समस्याएं
उन्होंने बताया कि यह लोक अदालत 21 मई, 2026 को शाम 3 बजे से 5 बजे तक क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद, हापुड़ चुंगी, कमला नेहरू नगर, गाजियाबाद के कक्ष संख्या 320 में आयोजित की जाएगी। बताते चलें कि इस अदालत में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी द्वारा आवेदकों से मिलकर उनकी समस्याएँ सुनी जाएंगी एवं निस्तारण किया जाएगा।
50 आवेदकों की फाइलों का निस्तारण किया जाएगा
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप, भारतीय विदेश सेवा द्वारा बताया गया कि विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद इस विशेष पासपोर्ट लोक अदालत का आयोजन कर रहा है। समय की सीमित उपलब्धता के कारण अदालत में 50 आवेदकों की फाइलों का निस्तारण किया जाएगा। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी द्वारा नागरिकों से अपील की गयी कि आवेदक अपने साथ सम्बंधित दस्तावेज (मूल प्रति एवं छायाप्रति) लेकर आएं एवं इस आयोजन का लाभ उठाएं।

