गाजियाबाद। गाजियाबाद में अब गर्मी और लू का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। राहत की बात यह है कि अगले 24 घंटों में किसी तरह की मौसमी चेतावनी जारी नहीं की गई है। लेकिन तेज धूप से लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। शनिवार 16 मई को गाजियाबाद-एनसीआर में आसमान रहा और तेज धूप निकली। जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में आर्द्रता 45 से 30 प्रतिशत के बीच रही। जिससे दिन में गर्मी अधिक महसूस हुई।
अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आज रविवार 17 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। यानी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। सबसे अहम बात यह है कि सोमवार 18 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। आर्द्रता बढ़कर 50-35 प्रतिशत होगी। जिससे उमस भरी गर्मी महसूस होगी। इस दिन दिन में तेज सतही हवाएं चलेंगी, जो गर्मी को और बढ़ा देंगी।
19 मई को चलेगी तेज हवाएं
मंगलवार 19 मई को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने के साथ तेज हवाएं चलेंगी। आर्द्रता 55-35 प्रतिशत रहेगी। 20 मई को अधिकतम 41 और न्यूनतम 27 डिग्री के साथ साफ आसमान रहेगा। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान बढ़ने के साथ ही लू चलने की संभावना है।
तेज आंधी और हल्की बारिश ने मौसम का मिजाज काफी हद तक बदल दिया
बता दें कि गाजियाबाद के मौसम में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया है। जहां मई की भीषण गर्मी के बीच अचानक आए पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून के कारण तेज आंधी और हल्की बारिश ने मौसम का मिजाज काफी हद तक बदल दिया था। अब चक्रवाती प्रभाव कम होते ही आसमान साफ होने लगा है। जिससे मई के मध्य और उत्तरार्ध में लू का प्रकोप शुरू होने और पारा 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने का नया अनुमान जताया है।

