Noida News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा दौरे के दौरान मेरठ मंडल की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा बैठक की। हाई-लेवल बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने कड़े शब्दों में कहा कि विकास के मामले में किसी भी विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सांसदों और विधायकों के प्रस्तावों को प्राथमिकता
उन्होंने मेरठ मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जनपदों के सांसदों और विधायकों की प्राथमिकताओं और जनहित के प्रस्तावों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ मंडल में अब तक 6568.36 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 1284 विकास परियोजनाओं की पहचान की है। जिन्हें पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने नोएडा की बड़ी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर विपक्षियों पर तीखा हमला बोला।
नए क्षेत्रों में पहुंचेगा विकास
मंडलीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देशित किया कि नई कार्ययोजना तैयार करते समय उन क्षेत्रों और गांवों को विशेष प्राथमिकता दी जाए, जहां तक किन्हीं कारणों से विकास नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ हर वर्ग और क्षेत्र तक समान रूप से पहुंचना जरूरी है। जिससे कि संसाधनों का संतुलित उपयोग हो सके। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं को पहले मंजूरी मिली है, लेकिन उनके कार्य अधूरे हैं। उन्हें तत्काल नई कार्ययोजना में शामिल कर पूरा कराए। जिससे कि जनता को समय पर उनका लाभ मिल सके।
धार्मिक स्थलों के विकास के लिए तय हुए मानक
बैठक में मेरठ मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित धार्मिक एवं धर्मार्थ कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और निर्माण के प्रस्ताव केवल उन्हीं स्थानों के लिए तैयार किए जाएं। जहां श्रद्धालुओं की संख्या बहुत अधिक हो तथा वहां निर्माण कार्य के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, सुगम मार्ग और छांव जैसी बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाएं। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का शत-प्रतिशत पालन होना चाहिए, इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जेवर बना ‘मंगलराज’ का प्रतीक
नोएडा में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यूपी में एक समय ऐसा था जब जेवर और आसपास के इलाके अपराधियों के नाम से बदनाम थे। लेकिन आज भाजपा सरकार की नीतियों के कारण यही जेवर ‘मंगलराज’ और वैश्विक विकास का सबसे बड़ा प्रतीक बन गया है।

