मुरैना। एमपी के मुरैना से रूह कंपा देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना माता बसैया क्षेत्र के अंतर्गत गांव किशनपुर में एक व्यक्ति ने घरेलू कलह और शक के चलते भारी आक्रोश में आकर अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड के बाद आरोपी पति ने खुद ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मची चींख पुकार और कोहराम
पड़ोसियों को इस खौफनाक मंजर का पता चला, तो पूरे गांव में मातम और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आला अधिकारी और भारी पुलिस बल गांव पहुंचा।अधिकारियों ने पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है।
चरित्र पर शक और भागवत कथा में नाचने-गाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की जांच और मृतका के पिता मलखान के बयानों के अनुसार, मृतकों की पहचान बलराम कुशवाहा, उसकी पत्नी रवीता और उनके मासूम बेटों देवू और आरव के रूप में हुई है। मृतका के पिता ने बताया कि कुछ दिन पहले बलराम के परिवार में एक धार्मिक भागवत कथा का भव्य आयोजन हुआ था। जिसमें परिवार शामिल हुआ था। इस दौरान उनकी बेटी रवीता ने कथा के उत्सव में हिस्सा लिया था और महिलाओं के साथ नाचा-गाया था। इसी बात को लेकर शराबी प्रवृत्ति का बलराम पत्नी रवीता से नाराज हो गया और उसने कथा स्थल पर उसके साथ मारपीट की थी। शनिवार की रात बलराम शराब के अत्यधिक नशे में घर पहुंचा और इसी विवाद को लेकर दोनों में एक बार फिर खूनी संघर्ष शुरू हो गया।
सोते हुए मासूमों पर भी नहीं आया तरस
गुस्से से बौखलाए बलराम ने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी से सबसे पहले पत्नी रवीता पर वार कर उसे मौत के घाट उतारा। इसके बाद उसने चारपाई पर सो रहे अपने मासूम बेटों देवू और आरव पर कुल्हाड़ी से बेरहमी के साथ वार किए। दोनों बच्चों की मौके पर जान चली गई। घर के अंदर लाशें बिछाने के बाद आरोपी को अपनी गलती का अहसास हुआ तो वो घर से भाग निकला और गांव के पास स्थित शिकारपुर फाटक पर ट्रेन के सामने कूद गया। ट्रेन से कटकर उसके चीथड़े उड़ गए। उसकी भी मौके पर मौत हो गई।

