Ghaziabad News: गाजियाबाद जनपद की खोड़ा कॉलोनी में सूर्या हत्याकांड के बाद अपराधियों के खिलाफ तीन दिवसीय सघन सत्यापन और सर्च अभियान से हड़कंप मच गया है। कमिश्नरेट पुलिस की इस दबिश और कड़ाई के चलते खोड़ा से 524 संदिग्ध परिवार मकान छोड़कर पलायन कर गए। तीन दिनों तक चले इस अभियान में पुलिस टीम करीब 1200 चिन्हित अपराधियों के घर तक पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र में कुल 1600 से अधिक अपराधियों को चिन्हित किया था। जिनमें से 620 अपराधी घरों से पूरी तरह गायब मिले। अभियान के दौरान कई घरों के परिजनों ने डर के मारे दरवाजे तक नहीं खोले। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को हिरासत में लिया है।
आठ लाख की आबादी वाले खोड़ा
आठ लाख की आबादी वाले खोड़ा में जब पुलिस ने सूर्या हत्याकांड के बाद बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अपराधियों में खौफ बैठ गया। पुलिस द्वारा चिन्हित किए गए अपराधियों में 75 हिस्ट्रीशीटर और 37 नामी गैंगस्टर अपने परिवारों के साथ घर छोड़कर भाग खड़े हुए। इनमें से पुलिस केवल 42 का भौतिक सत्यापन कर सकी, जबकि फरार चल रहे बाकी अपराधियों के घरों पर पुलिस ने कानूनी नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं।
मकानों की बकायदा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई
पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि खोड़ा छोड़कर पलायन करने वाले सभी 524 संदिग्ध परिवारों के मकानों की बकायदा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है। इसके साथ ही पुलिस ने 94 ऐसे परिवारों को भी चिन्हित किया है, जिन्होंने अवैध तरीके से काली कमाई और संपत्ति अर्जित कर यहां आलीशान मकान खड़े कर लिए हैं। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि खोड़ा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों, कट्टरपंथियों और अराजक तत्वों का बड़े पैमाने पर सत्यापन किया जा रहा है। जिन 600 से अधिक अपराधियों और उनके परिवारों के घरों पर ताले लटके मिले हैं, उनकी चल-अचल संपत्ति का पूरा ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है ताकि आगे की दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।

