Ghaziabad News: थाना लोनी क्षेत्र के दूध व्यापारी ओमकार हत्याकांड में पुलिस ने 50 हजारी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की साजिश और शव को ठिकाने लगाने से जुड़े अहम खुलासे किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 मई को दूध व्यापारी ओमकार का अपहरण कर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को कार की डिग्गी में रखकर बागपत क्षेत्र ले जाया गया और नहर में फेंक दिया गया।
पहले शव को किसी अन्य स्थान पर ठिकाने लगाने की योजना थी
हत्यारोपी मोहित ने पूछताछ में बताया कि पहले शव को किसी अन्य स्थान पर ठिकाने लगाने की योजना थी, लेकिन वहां लोगों की आवाजाही अधिक होने के कारण वे आगे बढ़ गए और पूठखास पुल के पास नहर में शव फेंक दिया। मोहित के अनुसार, 20 मई को ओमकार के बेटे से जुड़े विवाद के बाद रंजिश बढ़ी थी। 29 मई को हुई पंचायत के दौरान भी दोनों पक्षों में तनाव और मारपीट हुई थी, जिसके बाद सौरभ, गोपाल, गौरव, मोहित समेत अन्य आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
कार से रोककर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई
पुलिस ने बताया कि 30 मई को निठोरा अंडरपास के पास ओमकार की बाइक को कार से रोककर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। हत्या के बाद शव को कार में डालकर बागपत की ओर ले जाया गया और नहर में फेंक दिया गया।
डीसीपी देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि अब तक इस मामले में 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर मोहित को निठोरा गेट के पास से गिरफ्तार किया गया।

