New Delhi News: दिल्ली मेट्रो में अब हिंसा आम होती जा रही है। दिल्ली मेट्रो में सीट को लेकर हुए विवाद में एक यात्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर सीनियर सिटीजन सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद यात्री के लिए जानलेवा साबित हुआ। हिंसक मारपीट में 48 वर्षीय युवा यात्री की मौत हो गई। पुलिस ने मर्डर के आरोपी पूर्व आईएएस अफसर और उसके सुप्रीम कोर्ट में वकील बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
राजधानी दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर हुआ
मामला राजधानी दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर हुआ। जहां पर मेट्रो ट्रेन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीट पर बैठने को लेकर विवाद हो गया और हाथापाई के दौरान पूर्व आईएएस अफसर और उसके सुप्रीम कोर्ट में वकील बेटे ने 48 वर्षीय पवन शर्मा की मारपीटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मामले में नोएडा निवासी पिता पुत्र संजय प्रताप सिंह (65) और सिद्धार्थ सिंह (36) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेशी के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है।
सेवानिवृत्त आईएएस पहले भी गिरफ्तार हो चुका
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह पहले भी भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसका बेटा सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं। मेट्रो पुलिस के अनुसार, घटना आठ अक्तूबर की शाम प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुई। पवन अपनी मां दुर्गा देवी के साथ यमुना विहार जा रहे थे।
पवन अपनी मां के साथ आरक्षित सीट पर बैठे थे
मंडी हाउस स्टेशन पर संजय और सिद्धार्थ ट्रेन में चढ़े। उस समय पवन और उनकी मां वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित सीटों पर बैठे थे। इसी बात पर विवाद के दौरान हाथापाई हो गई। पवन ट्रेन के फर्श पर गिर पड़े और उनके सिर में चोट लग गई। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो थाना पुलिस ने सेक्टर 44, नोएडा, निवासी पिता-पुत्र संजय प्रताप सिंह और सेक्टर 50, नोएडा निवासी सिद्धार्थ सिंह को गिरफ्तार किया है। संजय प्रताप सिंह रिटायर आईएएस अफसर बताए जा रहे हैं।
पहले लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी ) अस्पताल ले जाया गया
मेट्रो पुलिस उपायुक्त डाभी आनंद दिनेश के मुताबिक आठ अक्तूबर को शाम सुप्रीम कोर्ट मेट्रो पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर एक व्यक्ति बेहोश हो गया है। बेहोश व्यक्ति को मां के साथ पहले लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी ) अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस अधिकारी को पता चला कि व्यक्ति पवन शर्मा की मौत हो चुकी है।
मृतक अपनी मां, दुर्गा देवी के साथ यमुना विहार जा रहा था
शुरुआती जांच में पता चला कि मृतक अपनी मां, दुर्गा देवी के साथ यमुना विहार जा रहा था। मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह ट्रेन में चढ़े। उस समय, मृतक और उनकी मां सीनियर सिटिजन के लिए आरक्षित सीटों पर बैठे थे। सीनियर सिटिजन सीट को लेकर मृतक और दोनों आरोपियों के बीच विवाद और हाथापाई हो गई। आरोप है कि संजय प्रताप सिंह और सिद्धार्थ सिंह ने पवन शर्मा की पिटाई की। उन्होंने पवन को थप्पड़ मारा और धक्का दिया गया।
दोनों आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया
उन्होंने बताया कि मृतक की मां के बयान पर सुप्रीम कोर्ट मेट्रो पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान, दो आरोपियों की भूमिका की जांच की गई। जांच में मिले सबूतों के आधार पर दोनों आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

