Ghaziabad News: गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम बदल गया है। गाजियाबाद समेत एनसीआर के कई इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
सावन के आखिरी सोमवार को गाजियाबाद, दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में छाए बादल और तेज बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलवाई है। मौसम विभाग ने आज के लिए गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली समेत एनसीआर में बारिश का अलर्ट जारी किया था। जिसके चलते गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली समेत एनसीआर में बारिश हो रही है।
पिछले दो दिन से सता रही थी गर्मी
गाजियाबाद में पिछले दो दिन से गर्मी सता रही थी। सोमवार को शुरू हुई बारिश ने लोगों को पिछले कुछ दिनों से सता रही उमस और गर्मी से राहत पहुंचाई। गाजियाबाद,नोएडा में बादल छाए हैं और तेज बारिश हो रही है। दूसरी ओर गुरुग्राम में भी झमाझम बारिश हो रही है। जिसके चलते सड़कों पर पानी भर गया है। इससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और जाम की स्थिति पैदा हो गई है। बारिश के बीच सड़कों पर वाहन रेंग रहे हैं। ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गाजियाबाद में बारिश ने बदला मौसम का मिजाज
गाजियाबाद में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज सोमवार को कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना जताई। इससे पहले रविवार को गाजियाबाद का अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।
कम दबाव का क्षेत्र घटेगा
मौसम विभाग के अनुसार, आज सोमवार को कम दबाव का क्षेत्र घटेगा। इससे गाजियाबाद में कही पर हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। गाजियाबाद में इस समय नमी का स्तर 60 प्रतिशत से अधिक है। मौसम वैज्ञानिक डॉ.एन सुभाष के अनुसार मंगलवार से अगले शनिवार तक बादलों की आवाजाही कम होने और धूप के चलते अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।

