Ghaziabad News: गाजियाबाद में मूसलाधार बारिश के चलते जिला प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड ने नर्सरी से लेकर कक्षा 12 वीं तक के सभी स्कूलों को आज 10 जुलाई को बंद करने के निर्देश दिए हैं। बता दें जनपद में 48 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी भीषण बारिश और ओलावृष्टि के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव (बीएसए) ने आज10 जुलाई 2026 को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। बीएसए ने बताया है कि ये आदेश नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को गाजियाबाद में भीषण बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। जिले में बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया है। जिससे बच्चों के लिए सुरक्षित विद्यालय संचालन में बाधा आ सकती थी।
सभी बोर्ड के स्कूलों पर आदेश लागू
बीएसए ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। यह आदेश जिले में संचालित सभी परिषदीय (सरकारी), मान्यता प्राप्त, प्राइवेट, अशासकीय सहायता प्राप्त और सीबीएसई, आईसीएसई व यूपी बोर्ड सहित अन्य बोर्डों से संबद्ध स्कूलों पर लागू होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने कहा कि सभी स्कूलों को सख्त हिदायत है कि सभी स्कूल संचालक इस सरकारी आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करें। आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

