Ghaziabad News: पासपोर्ट आवेदकों के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिसमें नागरिकों को शीघ्र एप्वाइन्टमेंट उपलब्ध कराने की दिशा में विशेष पहल की जाएगी। पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक नागरिकों के लिए ये एक राहत भरी खबर है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से एक विशेष आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के अंतर्गत 11 जुलाई 2026 (शनिवार) को पासपोर्ट सेवा केंद्र, साहिबाबाद विशेष रूप से खोला जाएगा। जहां पर तत्काल श्रेणी के 1000 पासपोर्ट आवेदन एवं पीसीसी के 200 आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
नागरिकों को शीघ्र एप्वाइन्टमेंट उपलब्ध कराना
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) ने जानकारी दी कि यह अभियान विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है। जिसका उद्देश्य नागरिकों को पासपोर्ट की तत्काल श्रेणी एवं पीसीसी की सेवाएं समयबद्ध एवं सुलभ रूप से उपलब्ध कराना है एवं नागरिकों को शीघ्र एप्वाइन्टमेंट उपलब्ध कराना है। इस पहल का उद्देश्य पासपोर्ट सम्बंधी सेवाओं की बढ़ी हुई मांग को समय पर पूरा करना है, ताकि नागरिकों को अप्वाइंटमेंट मिलने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और पासपोर्ट सम्बंधी सेवाएं सहज रूप से प्राप्त हो सकें।
समय पर आधिकारिक वेबसाइट पर स्लॉट बुक कर आवेदन प्रक्रिया को पूर्ण करें
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी द्वारा नागरिकों से अपील की गयी कि वे समय पर आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in पर स्लॉट बुक कर आवेदन प्रक्रिया को पूर्ण करें और इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही यह भी अपील की गयी कि वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक (https://www.passportindia.gov.in/AppOnlineProject/pdf/NOT_eligible_for_Tatkaal_Scheme_Hindi.pdf) पर क्लिक करके तत्काल श्रेणी के लिए पात्रता सुनिश्चित करने के पश्चात ही आवेदन करें। जिससे इस विशेष आयोजन का लाभ अधिकतम सुनिश्चित हो सके।

