Ghaziabad News: आर्मी लैंड से गंदगी हटाने के लिए निगम के कर्मचारी काम कर रहे हैं। अब इस आर्मी लैंड में लाखों वृक्ष लगाए जाएंगे। इससे क्षेत्र में ग्रीनरी बढ़ेगी।सिटी फॉरेस्ट तथा साईं उपवन जैसा विजयनगर में जंगल तैयार किया जाएगा। इसके लिए 48 एकड़ आर्मी लैंड पर एक जुलाई से वृहद पौधारोपण कार्यक्रम नगर निगम की तरफ से शुरू किया जाएगा।
उद्यान विभाग द्वारा वृहद प्लांटेशन की तैयारी
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा वृहद प्लांटेशन की तैयारी की जा रही है। विजयनगर स्थित आर्मी लैंड पर मियावकी पद्धति से प्लांटेशन का कार्य चल रहा है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए ही नगर आयुक्त द्वारा टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण किया गया।
पर्यावरण और एयर क्वालिटी में होगा सुधार
पर्यावरण तथा एयर क्वालिटी में भी सुधार किया जाएगा। इसके लिए लगभग 48 एकड़ भूमि पर 7 लाख पौधे मियावकी पद्धति से लगाए जाएंगे। जिससे ऑक्सीजन की बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा कार्बन डाइऑक्साइड कम होगा, शहर को लाभ मिलेगा, फलदार छायादार तथा औषधी वाले पौधे लगाए जाएंगे जो की वृक्ष बनकर ‘ग्रीन लंग्स ऑफ गाजियाबाद’ का कार्य करेंगे।
गहरी जुताई का कार्य जारी
नगर आयुक्त द्वारा बताया कि एक जुलाई से आर्मी लैंड पर पौधारोपण का कार्य प्रारंभ होगा। जिसमें 9 एकड़ भूमि पर लगभग सवा लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। 37 एकड़ भूमि में लगभग 6 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए ट्रैक्टरों व अन्य उपकरणों के माध्यम से गहरी जुताई का कार्य किया जाएगा। मौके पर पौधारोपण से पहले की तैयारी को देखा गया शीघ्र ही गड्ढा खोदने के कार्य को प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए, साईं उपवन तथा सिटी फॉरेस्ट की भांति विजयनगर में भी वृहद जंगल बनाया जाएगा। जिससे क्षेत्रवासियों को पर्यावरण का लाभ मिलेगा। शासन के निर्देश के क्रम में कार्यवाही तेजी से की जा रही है। फलदार और छायादार पौधे लगाए जाएंगे।

