Noida News: नोएडा के सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई की चौथी मंजिल से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा निर्माण कार्य के दौरान हो गया। चाइल्ड पीजीआई चौथी मंजिल पर कार्य कर रहे 35 वर्षीय मजदूर का संतुलन बिगड़ने से वो नीचे गिर पड़ा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
निर्माण स्थल पर मची अफरा तफरी
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दूसरे मजदूर घायल को जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-20 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान संतोष के रूप में
सेक्टर-20 के थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि मृतक मजदूर की पहचान संतोष 35 वर्षीय के रूप में हुई। वह चाइल्ड पीजीआई में चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चौथी मंजिल पर काम करते समय मजदूर का संतुलन बिगड़ गया, जिसके कारण वह नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

