नयी दिल्ली। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर खरीदने वालों को सरकार ने झटका दिया है। केंद्र सरकार आगामी 31 जुलाई से इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों पर मिलने वाली पांच हजार रुपये की सब्सिडी को बंद करने जा रही है। फैसले के बाद 1 अगस्त से इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना महंगा हो जाएगा। हालांकि, उत्तर प्रदेश के निवासियों के लिए राहत है कि राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली ईवी सब्सिडी और अन्य टैक्स छूट जारी रहेंगी।
केंद्र ने 31 जुलाई के बाद सब्सिडी बंद करने की घोषणा की
केंद्र सरकार की ‘पीएम ई-ड्राइव’ योजना के तहत वर्तमान में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पर प्रति वाहन पांच हजार रुपये की सब्सिडी दी है। केंद्र ने इस योजना के तहत टू-व्हीलर सब्सिडी के लिए 31 जुलाई तक समयसीमा तय की है। इसका लाभ उठाने के लिए 31 जुलाई से पहले वाहन का रजिस्ट्रेशन होना और उसका ‘ई-वाउचर’ जनरेट होना जरूरी है।
एक अगस्त से बंद हो जाएगी छूट
1 अगस्त से केंद्र की ओर से मिलने वाली छूट बंद हो जाएगी। इससे ग्राहकों को सीधे पांच हजार रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। हालांकि, कमर्शियल ई-वाहनों (जैसे ई-रिक्शा, ई-बस और ई-ट्रक) पर केंद्र की सब्सिडी जारी रहेगी।
यूपी में जारी रहेगी छूट
केंद्र की सब्सिडी बंद होने के बाद यूपी की योगी सरकार ‘ईवी नीति 2022’ के तहत मिलने वाला लाभ मिलता रहेगा। यूपी सरकार इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर पर पांच हजार की सब्सिडी जारी रखेगी। जिसके लिए ग्राहकों को वाहन खरीदने के बाद ‘UP EV Subsidy Portal’ पर ऑनलाइन आवेदन करना होता है। इसके अलावा, यूपी में इलेक्ट्रिक वाहनों पर लगने वाला रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस पूरी तरह माफ रहेगा।

