Noida News: साइबर क्राइम थाना पुलिस ने हज उमरा के नाम पर विदेश भेजने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना पुलिस ने आरोपी को ग्रेटर नोएडा वेस्ट से गिरफ्तार किया।
सस्ते पैकेज का लालच देकर करता था ठगी
पुलिस के अनुसार, साक्ष्यों के आधार पर की कार्रवाई में आरोपी तसलीम साद पुत्र जाकिर हुसैन को गिरफ्तार किया। आरोपी लोगों को सस्ते पैकेज पर हज उमरा यात्रा कराने का लालच देकर ठगी करता था।
दो मोबाइल और दो एटीएम कार्ड बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड, एक बैनर तथा एक डाटा डायरी बरामद की गई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों में कुल नौ शिकायतें दर्ज हैं। इनमें दिल्ली में एक, छत्तीसगढ़ में एक, जम्मू-कश्मीर में एक, महाराष्ट्र में दो, उत्तर प्रदेश में दो तथा राजस्थान में दो शिकायतें शामिल हैं।
दर्ज शिकायतों में लगभग कर चुका है 46 लाख की ठगी
पुलिस के अनुसार, दर्ज शिकायतों में लगभग 46 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी होना पाया गया है। थाना साइबर क्राइम पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है तथा बरामद सामग्री के आधार पर पड़ताल की जा रही है।

