News Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली के में फुटपाथ पर माता-पिता के साथ सो रही 11 साल की मासूम के साथ कैब चालक ने अगवा कर दरिंदगी की है। इसके बाद फिर पकड़े जाने के डर से उसकी गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल में फेंक दिया और फरार हो गया। दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से महज चार घंटे के भीतर ही आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस ने 4 घंटे में किया खुलासा
सोमवार सुबह 6 बजे पीड़ित परिवार को जब बेटी बिस्तर पर नहीं मिली, तो उन्होंने आनन-फानन में पीसीआर कॉल कर महरौली थाने में बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला 11 साल की मासूम के गायब होने से जुड़ा था। इसलिए पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई। थाना महरौली पुलिस ने तत्काल कई टीमें गठित कर इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद ली। सुराग हाथ लगते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार घंटे के भीतर आरोपी टैक्सी ड्राइवर बबलू को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी कैब ड्राइवर बबलू ने गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि तड़के जब वह अपनी कार लेकर सड़क से जा रहा था। तभी उसने सीडीआर चौक के पास फुटपाथ पर एक बच्ची को सोते हुए देखा। उसने चारों तरफ नजर दौड़ाई और सुनसान पाकर गहरी नींद में सो रही मासूम को उठा लिया। आरोपी ने मासूम को कार की पिछली सीट पर लिटाया और सीधे महरौली के जंगल भाग निकला। जहां उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। आरोपी बबलू की निशानदेही पर पुलिस ने महरौली के जंगल से मासूम बच्ची का लथपथ शव बरामद किए हैं। जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

