Noida News: सेक्टर बीटा-1 में कूड़ा संग्रहण कर्मियों पर घर-घर जाकर कूड़ा उठाने के बदले पैसे मांगने और भुगतान न करने पर कूड़ा न उठाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मुद्दे को लेकर सभी निवासियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने विरोध दर्ज कराते हुए प्राधिकरण से स्पष्ट नीति बनाने की मांग की है।
सड़क पर उतरे आरडब्ल्यूए पदाधिकारी
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी तथा अन्य पदाधिकारियों का कहना है कि अगर कूड़ा संग्रहण के लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित किया है तो इसके लिए पहले प्राधिकरण और आरडब्ल्यूए के बीच बातचीत होनी थी। बिना किसी आधिकारिक आदेश या सूचना के घर-घर जाकर पैसे मांगना उचित नहीं है।
महिलाओं पर दबाव बनाकर पैसे वसूलने के आरोप
निवासियों का आरोप है कि कई बार घरों में पुरुष सदस्य मौजूद न होने पर महिलाओं पर दबाव बनाकर पैसे वसूले जाते हैं। जिससे लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि कूड़ा उठाने की व्यवस्था पहले से ही प्राधिकरण के माध्यम से संचालित की जा रही है, ऐसे में किसी अतिरिक्त शुल्क की जानकारी आधिकारिक रूप से सार्वजनिक की जानी चाहिए।
बिना वैधानिक आदेश नहीं करेंगे कोई भुगतान
सेक्टरवासियों ने स्पष्ट किया कि वे बिना किसी वैधानिक आदेश के किसी प्रकार का भुगतान नहीं करेंगे और इस तरह की वसूली का विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने मांग की कि प्राधिकरण, संबंधित एजेंसी और आरडब्ल्यूए मिलकर एक स्पष्ट व्यवस्था और नीति तैयार करें, जिससे भविष्य में इस तरह के विवादों की स्थिति उत्पन्न न हो। चेतावनी दी कि यदि किसी महिला, बुजुर्ग या अन्य निवासी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया अथवा जबरन वसूली का प्रयास किया गया तो दोषियों के खिलाफ संबंधित मंचों पर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

