Ghaziabad News: निटरा के 52वें स्थापना दिवस पर कैबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह और राज्य मंत्री पबित्र मार्घेरिटा, वस्त्र उद्योग जगत की नामचीन हस्तियां और वस्त्र मंत्रालय के उच्च अधिकारीगण शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके उपरांत निटरा डिप्टी चेयरमैन संदीप होरा और महानिदेशक डॉ एमएस परमार ने मंत्रीगणों और मेहमानों का स्वागत किया।
निटरा ले चुका वटवृक्ष का रूप
डिप्टी चेयरमैन संदीप होरा ने निटरा के इतिहास के बारे में बताया की किस तरह वस्त्र उद्योग की मांग पर भारत सरकार ने और उद्योगपतियों के साथ मिलकर निटरा रूपी पौधा लगाया जो आज एक वटवृक्ष के रूप ले चुका है। उन्होंने कहा की उस समय के प्रमुख उद्योगपति एसपी विरमानी, एलएन झुनझुनवाला, सतीश कुमार मोदी तथा एचसी जैन आदि और उद्योग मंत्रालय ने उतर भारत में अपनी तरह के एक विशिष्ट अनुसन्धान और विकास संस्थान निटरा स्थापित किया। उद्योगपति केएन मोदी के नेतृत्व तथा उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से राजनगर, गाजियाबाद में लगभग 50 एकड़ भूमि निटरा को आवंटित की गई, जिसने इस संस्थान को एक स्थायी पहचान और विकास का आधार प्रदान किया।
बस्त्र उद्योग की चुनौतियों के समाधान को बनाया लक्ष्य
संदीप होरा ने कहा कि आरम्भ से ही निटरा ने वस्त्र उद्योग की वास्तविक चुनौतियों के समाधान को अपना लक्ष्य बनाया। तकनीकी परामर्श, उत्पादकता सुधार कार्यक्रमों, गुणवत्ता उन्नयन पहलों तथा ज्ञान प्रसार गतिविधियों के माध्यम से संस्थान ने शीघ्र ही उद्योग जगत का विश्वास अर्जित किया और विकास एवं आधुनिकीकरण के एक विश्वसनीय सहयोगी के रूप में अपनी पहचान स्थापित की।
निटरा उपलब्धियों पर एक पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन
निटरा महानिदेशक डॉ एम एस परमार ने निटरा उपलब्धियों पर एक पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया जिसमें निटरा के विभिन्न क्षत्रों के क्रियाकलापों को दिखाया गया. सतत एवं नवाचारपूर्ण रेशों के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता को देखते हुए वस्त्र मंत्रालय ने निटरा को हाल ही में न्यू एज फाइबर्स (New Age Fibres) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में नामित किया है।
नवीन रेशों की संभावनाओं को साकार करने की दिशा में कार्य
इस भूमिका के तहत निटरा को मिल्कवीड (Milkweed), फ्लैक्स (Flax) और हेम्प (Hemp) जैसे उभरते हुए सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल रेशों पर अनुसंधान, विकास और प्रौद्योगिकी उन्नयन का दायित्व सौंपा गया है। इस पहल के माध्यम से निटरा इन नवीन रेशों की अपार संभावनाओं को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहा है, जिससे सतत वस्त्र उत्पादन, मूल्य संवर्धित औद्योगिक अनुप्रयोगों, ग्रामीण आजीविका संवर्धन तथा पर्यावरणीय रूप से उत्तरदायी वस्त्र पारितंत्र के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
टेक्सटाइल समाधानों के विकास में अग्रणी
निटरा सदैव हरित एवं टिकाऊ भविष्य के लिए नवाचारी टेक्सटाइल समाधानों के विकास में अग्रणी रहा है। अपने ट्रेडमार्क प्राप्त सतत फाइबर CloCell® के माध्यम से निटरा ने पर्यावरण-अनुकूल तथा उच्च प्रदर्शन वाले वस्त्र पदार्थों के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से स्थापित किया है।
OEKO-TEX® Standard 100 वस्त्र सुरक्षा
OEKO-TEX® Standard 100 वस्त्र सुरक्षा के क्षेत्र में विश्व की सबसे प्रतिष्ठित और विश्वसनीय प्रमाणन प्रणालियों में से एक है। निटरा को यह प्रमाणन जर्मनी के प्रतिष्ठित Hohenstein संस्थान से प्राप्त हुआ है, जो OEKO-TEX® नेटवर्क के अग्रणी और विश्वसनीय संस्थानों में से एक है। यह प्रमाणन सुनिश्चित करता है कि उत्पादों का हानिकारक पदार्थों के लिए परीक्षण किया गया है तथा वे मानव स्वास्थ्य और पर्यावरणीय सुरक्षा के कठोर अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करते हैं। गुणवत्ता, सुरक्षा और स्थिरता के प्रतीक के रूप में यह प्रमाणन विश्वभर में उपभोक्ताओं, निर्माताओं और प्रतिष्ठित ब्रांडों द्वारा मान्यता प्राप्त है।
अत्याधुनिक अनुसंधान एवं परीक्षण सुविधाएं
निटरा देश की सबसे व्यापक वस्त्र अनुसंधान एवं परीक्षण अवसंरचनाओं में से एक का संचालन करता है। इसकी प्रमुख उपलब्धियों में भारत की पहली फायर मैनिकिन फ्लेम एंगल्फमेंट टेस्टिंग सुविधा की स्थापना शामिल है, जो ISO, ASTM एवं NFPA मानकों के अनुसार सुरक्षात्मक परिधानों के पूर्ण पैमाने पर तापीय प्रदर्शन मूल्यांकन की सुविधा प्रदान करती है।
निटरा में अत्याधुनिक प्रयोगशालाएँ एवं सुविधाएँ उपलब्ध
• हीट एवं फ्लेम टेस्टिंग प्रयोगशालाएं, पॉलिमर एवं तकनीकी वस्त्र प्रयोगशाला, भौतिक एवं रासायनिक परीक्षण प्रयोगशाला, BIS मान्यता प्राप्त परीक्षण सुविधा,पर्यावरण एवं इको परीक्षण प्रयोगशाला, PPE एवं सुरक्षात्मक परिधान मूल्यांकन प्रयोगशाला, पायलट स्तर की स्पिनिंग, वीविंग, प्रोसेसिंग एवं डाइंग सुविधा। निटरा ने विश्वस्तरीय परीक्षण एवं मूल्यांकन सुविधाएँ स्थापित की हैं, जो उच्च प्रदर्शन वाले वस्त्र उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षण सुनिश्चित करती हैं। आज ये सुविधाएँ उद्योगों, सरकारी संगठनों, रक्षा प्रतिष्ठानों तथा अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को सेवाएँ प्रदान कर रही हैं।

