Noida News: नोएडा के सेक्टर-113 थाना पुलिस ने बेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन सदस्य गिरफ्तार किए हैं। आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और फर्जीवाड़े में उपयोग की जाने वाली सामग्री बरामद की गई है।
इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता
स्थानीय इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से शुक्रवार को सेक्टर-122 स्थित फ्लैट संख्या डी-44 पर छापेमारी कर प्रमांशु कुमार, प्रदीप सिंह और कुलदीप सिंह को गिरफ्तार किया।
15 सिम और 14 मोबाइल बरामद
तलाशी के दौरान 15 सिम कार्ड, चार लैपटॉप, 14 मोबाइल फोन, 35 एटीएम कार्ड, तीन पैन कार्ड, तीन आधार कार्ड, चार मेट्रो कार्ड, नौ चेकबुक, चार पासबुक, एक वाई-फाई राउटर तथा एक लेनोवा कंपनी का टैबलेट बरामद किया गया।
सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर करवाते थे आनलाइन बेटिंग
थाना सेक्टर -113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन देकर लोगों को ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट https://reddybook.pink/home और मोबाइल ऐप के जरिए रुपये दोगुना करने का लालच देते थे। इसके बाद लोगों को निवेश के लिए प्रेरित कर उनसे धनराशि ठग ली जाती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गैंग बनाकर लंबे समय से इस तरह की साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे थे।
ठगी की रकम और अन्य जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस अब बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक खातों की जांच कर ठगी की कुल रकम तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

