Saturday, September 5, 2026
Homeशहरगाजियाबाद'राहुल एंड कम्पनी' अब राजनीतिक रण में 'रुदाली रंगरूटों की रंगशाला': मुख्तार...

‘राहुल एंड कम्पनी’ अब राजनीतिक रण में ‘रुदाली रंगरूटों की रंगशाला’: मुख्तार नकवी

Ghaziabad News: भारतीय जनता पार्टी महानगर का दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–जिला प्रशिक्षण वर्ग’ का शुभारंभ मुरादनगर एक शैक्षिक संस्थान में हुआ। उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी रहे। जिन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि “कांग्रेसी लश्करे लफ्फाजी की लम्पट लॉबी का गगन चुम्बी गुरूर, का बदनाम बसेरा बनता जा रहा है।’
सत्ता के भूखे दल यूपी चुनाव से पहले सक्रिय हुए
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “राहुल एंड कम्पनी” अब राजनीतिक रण में “रुदाली रंगरूटों की रंगशाला” बनती जा रही है। जहां रणबांकुरों की जगह “रण छोड़ बहादुरी” की प्रतिस्पर्धा चल रही है। केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा कि हालिया चुनावों में पराजय के बाद सत्ता के भूखे दल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले फिर सक्रिय हो गए हैं, लेकिन गठबंधन की गठरी में छेद और महत्वाकांक्षी मतभेद चरम पर हैं। जनता ऐसे अवसरवादी गठबंधनों को पूरी तरह नकार देगी।
विपक्ष अपनी परिवारवादी और आपसी मतभेदों को नहीं बचा पा रहा
नकवी ने कहा कि जनादेश की सामन्ती लिंचिंग और वोट चोरी के काल्पनिक आरोपों के बावजूद विपक्ष अपनी परिवारवादी राजनीति और आपसी मतभेदों को नहीं बचा पा रहा है। उन्होंने कहा कि “जुगाड़ का जमघट भी जनादेश के पनघट पर पटखनी खा रहा है।” लोकतांत्रिक मूल्यों और जनादेश के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों को आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर जनता बार-बार उनकी “खुड़पैची सियासत और खुराफाती विरासत” को क्यों नकार रही है।
वोट चोरी को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम
संवैधानिक संस्थाओं पर हमला करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि संविधान और वोट चोरी को लेकर फैलाया जा रहा भ्रम अब जनता के बीच पूरी तरह “टायं-टायं फिस्स” हो चुका है। भाजपा और उसके सहयोगी दल आज देश के 22 राज्यों तथा लगभग 78 प्रतिशत आबादी के बीच सुशासन और विकास का ध्वज फहरा रहे हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याणकारी नीतियों, समावेशी विकास और सुशासन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनाव से पहले ही विपक्षी दलों की “झांसे की झालर” में शॉर्ट सर्किट दिखाई दे रहा है और जनता एक बार फिर उन्हें करारा जवाब देगी। मोदी-योगी सरकारें समाज के सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की गारंटी हैं तथा आने वाले कई दशकों तक देश और प्रदेश में विपक्ष के लिए कोई राजनीतिक वेकेंसी नहीं है।
11 विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे
कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं वर्ग संचालन परिचय प्रस्तुत करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग भाजपा की संगठनात्मक शक्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कार्य विस्तार, चुनाव प्रबंधन, बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ता विकास, भाजपा का इतिहास, सोशल मीडिया, मीडिया प्रबंधन, वैचारिक अधिष्ठान, राष्ट्रीय चुनौतियां तथा केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं सहित कुल 11 विषयों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
उद्घाटन सत्र में गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग, पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, वर्ग प्रभारी एवं विधायक श्रीचंद शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधान परिषद सदस्य दिनेश गोयल, वर्ग संयोजक सरदार एसपी सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदीप चौधरी, नीरज शर्मा, करण शर्मा, सभी मंडल अध्यक्ष, महानगर पदाधिकारी, मोर्चे प्रकोष्ठ अध्यक्ष तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments