Ghaziabad News : अंजनी कुमार सिंह जिला जनगणना अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद गाजियाबाद में “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ)” का कार्य औपचारिक रूप से प्रारम्भ हो गया है। यह कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक, कुल 30 दिवस की अवधि में संचालित किया जाएगा।
जनपद के सभी 16 चार्ज क्षेत्रों में प्रगणकों द्वारा अपने-अपने आवंटित ब्लॉकों में पहुंचकर कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। प्रारम्भिक चरण में प्रगणकों द्वारा क्षेत्र का भौतिक सत्यापन करते हुए नजरी नक्शा तैयार किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक भवन एवं परिवार का सही एवं व्यवस्थित विवरण संकलित किया जा सके।
आर्थिक नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार
जनगणना देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के उचित वितरण तथा सामाजिक-आर्थिक नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य के माध्यम से प्राप्त आँकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पेयजल, सड़क एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में उपयोग किए जाते हैं।
प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया
जनपद प्रशासन द्वारा सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, ताकि गणना कार्य पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ सम्पन्न कराया जा सके। प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्रों के अनुसार जानकारी संकलित करेंगे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराना सुनिश्चित करें।
प्रगणक को घर में सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराए
जनपद के समस्त नागरिकों से अनुरोध है कि जब प्रगणक आपके घर आए, तब उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान करें। आपका सहयोग न केवल जनगणना कार्य को सफल बनाएगा, बल्कि देश एवं समाज की भावी विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जनगणना प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से सफल होती है। अतः सभी जनपदवासी इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएँ।
गाजियाबाद के सभी 16 चार्जों में सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य शुरू
RELATED ARTICLES

