गाजियाबाद। गाजियाबाद में गर्मी बढ़ी तो बिजली की मांग बढ़ने लगी। बिजली की मांग बढ़ने से शहर के कई बिजलीघर दो दिन से ओवरलोड हो रहे हैं। इसके चलते डीपीएच सब-स्टेशन को बंद करना पड़ा तो जिले के अधिकांश सब-स्टेशनों पर ओवर लोडिंंग की वजह से सुबह से शाम तक ट्रिपिंग हो रही है।
शास्त्रीनगर में रात भर गायब रही लाइट
हापुड रोड स्थित शास्त्रीनगर में पूरी रात बिजली गायब रही। जिसके चलते लोग काफी परेशान रहे। रात 11 बजे अधिकांश लोगों के घरों के इनवर्टरों ने भी जवाब दे दिया। पूरी रात इलाका अंधेरे में डूबा रहा और लोग छतों पर टहलते रहे। सुबह करीब 6 बजे लाइट आई तो बिजली के खंभे में आग लग गई। जिससे पूरा खंभा धूं-धूं कर जल उठा। बिजली कटौती का शहर में आलम ये है कि दिन में आठ से दस घंटे की कटौती हो रही है। भीषण गर्मी में बिजली कटौती के चलते हाहाकार मचा हुआ है। उधर, सोमवार रात विजयनगर क्षेत्र भी अंधेरे में डूबा रहा। गर्मी के चलते पावर कारपोरेशन की कई यूनिट में बिजली उत्पादन घटा है। जबकि जिले में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। यही कारण है कि बिजली का लोड बढ़ने से शहर की विद्युत व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है।
सुबह नौ बजे ही कई सब-स्टेशनों में पावर सप्लाई फेल
मंगलवार को सुबह नौ बजे ही कई सब-स्टेशनों में पावर सप्लाई फेल हो गई है। बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र की पावर सप्लाई फेल होने से इसका असर औद्योगिक इकाइयों पर पड़ा है। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र के दो सब-स्टेशनों, उद्योग कुंज स्टेशन तक बंद रहे। चिरंजीव विहार में चार घंटे की रोस्टरिंग रही। डीपीएच सब-स्टेशन से लालकुआं 33 केवी सब-स्टेशन में रोस्टरिंग कर दी गई। लोहा मंडी समेत दो फीडर बंद किए गए। गोविंदपुरम और कर्पूरी पुरम में बिजली कटौती रही। ओवर लोडिंग के चलते साउथ साइड जीटी रोड इंडस्ट्रियल एरिया, मिर्जापुर, कमला नेहरू नगर, प्रताप विहार, विवेकानंद नगर और कविनगर एफ-ब्लाक में रोस्टरिंग हो रही है।
उद्योग कुंज और कविनगर की सप्लाई दिन में कई बार फेल
उद्योग कुंज और कविनगर की सप्लाई दिन में कई बार फेल हो रही है। डीपीएच सब-स्टेशन का 80 एमवीए का ट्रांसफार्मर से ट्रिपिंग होने से लाइट बाधित हो रही है। पावर कारपोरेशन के एसडीओ एसपी यादव ने बताया कि डीपीएच की ओवर लोडिंग की वजह से ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों में रोस्टरिंग करनी पड़ी।
मोरटा में 8 बजे की गई बिजली तीन बजे रात आई
मोरटा में रात 8 बजे हुई बिजली कटौती तीन बजे तक जारी रही। रात तीन बजे बिजली सप्लाई समान्य हुई । लेकिन उसके बाद सुबह 9 बजे फिर से बिजली कटौती हो गई। जो कि दोपहर 1 बजे तक जारी थी।
विजयनगर रात भर अंधेरे में
विजयनगर के अधिकांश इलाके रात में अंधेरे में रहे। रात को फाल्ट ठीक नहीं हो सका। दोनों सेक्टरों में हजारों लोगों को भीषण गर्मी में बिना बिजली रात बितानी पड़ी।
अघोषित बिजली कटौती से हाहाकार
गाजियाबाद में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती से हाहाकार मचा हुआ है। मोहननगर, इंदिरापुरम, भोपुरा, सिद्धार्थ विहार और साहिबाबाद जैसे कई इलाकों में 33 केवी लाइनों में फाल्ट और मरम्मत के नाम पर घंटों बिजली गुल रहती है। जिससे इन्वर्टर तक जवाब दे गए हैं।
स्मार्ट मीटर की समस्या से लोगों का गुस्सा फूट रहा
इसके अलावा, स्मार्ट मीटर की समस्या से भी लोगों का गुस्सा फूट रहा है। रिचार्ज खत्म होने के बाद बिजली कटने और भारी बिल आने के कारण शहर के लोग बिजलीघरों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। गाजियाबाद में बिजली कटौती का आदेश ढाई घंटे का है। जबकि बिजली कटौती पूरी रात हो रही है।

