मेरठ/गाजियाबाद। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में मेरठ से गाजियाबाद तक निकली “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा के दूसरे दिन रविवार को लोगों ने स्वागत किया।
आठ चरणों की पदयात्राओं में चार चरण पूरे
इस अवसर पर सांसद संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी अपनी आठ चरणों की पदयात्राओं में चार चरण पूरे कर चुकी है और मेरठ की क्रांतिकारी धरती से शुरू हुआ पांचवें चरण का यह संघर्ष 16 मई से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक चलेगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं के रोजगार, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। सरकारी नौकरियां खत्म की जा रही हैं। भर्ती परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं और लाखों युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं।
अधिकारों और आरक्षण पर डाका डाला जा रहा
संजय सिंह ने कहा कि हमारा संघर्ष उन गरीब रेहड़ी-पटरी वालों के लिए है जिन पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं। हमारा संघर्ष उन दलितों, पिछड़ों, अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों के लिए है जिनके अधिकारों और आरक्षण पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जाति और धर्म के नाम पर भेदभाव किया जा रहा है। पासी समाज के बुजुर्ग तक को अपमानित किया जाता है और सत्ता में बैठे लोग चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान के मुताबिक देश और प्रदेश की व्यवस्था चलाने, युवाओं को रोजगार और हर वर्ग को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए जनता को इस आंदोलन से जुड़ना होगा।
भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि “रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा में युवाओं, आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों, संविदाकर्मियों और वंचित समाज के लोगों की भारी इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार मांग रहा है, आशा बहुएं और शिक्षामित्र अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
पीएम विदेश यात्रा पर जनता झेल रही महंगे पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की मार
संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं और लगातार बढ़ती महंगाई पर हमला बोलते हुए कहा कि देश की जनता महंगे पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बेरोजगारी से परेशान है, लेकिन प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है और दूसरी तरफ लोगों को डीजल-पेट्रोल कम खर्च करने की नसीहत दी जा रही है।
पदयात्रा के दौरान ये नेता रहे मौजूद
इस दौरान आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधायक एवं यूपी सह प्रभारी सुरेंद्र चौधरी, पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, पश्चिम प्रांत महासचिव मनीष सिंह, महिला अध्यक्ष नीलम यादव, यूथ अध्यक्ष पंकज अवाना, मुजफ्फर नगर जिलाध्यक्ष अरविंद बाल्यान और जिलाध्यक्ष अकुंश चौधरी सहित तमाम नेता मौजूद रहे।

