गाजियाबाद। जनगणना-2027 के तहत पहले चरण की चल रही ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया अब अपने अंतिम दौर में है। गाजियाबाद के लोगों के पास घर बैठे खुद अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए अब केवल पांच दिन बचे हैं। 21 मई के बाद स्वगणना की सुविधा बंद हो जाएगी और इसके बार 22 मई से प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी जुटाएंगे।
जिला जनगणना प्रमुख अधिकारी ने की अपील
जिला जनगणना प्रमुख अधिकारी एवं डीएम रविंद्र कुमार मांदड ने लोगों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना समय रहते स्व-गणना पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने वाले परिवारों को बाद में प्रगणक के आने पर केवल अपनी एसई आईडी दिखानी होगी।
स्व-गणना के लिए पोर्टल पर सबसे पहले प्रदेश का चयन
स्व-गणना के लिए लोगों को se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर सबसे पहले उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर व परिवार के मुखिया का नाम दर्ज कर ओटीपी सत्यापन करना होगा। पोर्टल पर दिखाई देने वाले मानचित्र में अपने मकान की लोकेशन चिन्हित करनी होगी। इसके बाद मकान व परिवार से संबंधित विवरण भरकर प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।
मकान से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे जा रहे
प्रशासन के अनुसार स्व-गणना फार्म में परिवार और मकान से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे जा रहे हैं। इनमें मकान की स्थिति, बिजली-पानी की सुविधा, परिवार के सदस्यों की संख्या और अन्य बुनियादी जानकारियां शामिल हैं।
प्रगणक प्रत्येक परिवार से सीधे जानकारी लेंगे
जिला जनगणना अधिकारी के मुताबिक 22 मई से घर-घर सर्वे अभियान शुरू होगा। इस दौरान प्रगणक प्रत्येक परिवार से सीधे जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सहायता के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और नागरिकों के सहयोग से ही सही व सटीक आंकड़े तैयार हो सकेंगे।

