Ghaziabad News: ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती मंगलवार को अपनी देशव्यापी ‘गविष्टि यात्रा’ के तहत गाजियाबाद पहुंचे। कविनगर स्थित आपका भवन में आयोजित एक समारोह में उन्होंने कहा कि जो गौमाता की रक्षा नहीं करेगा, उसे वोट नहीं देंगे। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकारों पर गोवंश संरक्षण के मुद्दे पर निशाना साधा।
गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि हिंदू समाज की भावनाओं के अनुरूप कार्य न होने से लोगों में निराशा है। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि सरकार गौमाता की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग उठाई।
सभा को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि देश में गोहत्या की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। उन्होंने मांग की कि गाय को पशु की श्रेणी से अलग कर उसे ‘राष्ट्र माता’ का सम्मान दिया जाए तथा पूरे देश में पूर्ण गोहत्या प्रतिबंध लागू किया जाए।
गौमाता की सुरक्षा अपेक्षित स्तर पर सुनिश्चित नहीं हो सकी
शंकराचार्य ने सरकारों पर आरोप लगाया कि उन्होंने समय-समय पर गौसंरक्षण के लिए कानून तो बनाए, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में गौमाता की सुरक्षा अपेक्षित स्तर पर सुनिश्चित नहीं हो सकी। उन्होंने कश्मीर का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां ऐसी नीतियां अपनाई गईं, जिनसे गौवध पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी। उन्होंने कहा कि गोरक्षा के नाम पर सत्ता में आने वाले दलों को अब अपने वादों पर खरा उतरना चाहिए। शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि गोसंरक्षण के मुद्दे पर जनता की भावनाओं के अनुरूप कार्य नहीं हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

