कीव। यूक्रेन पर रूस ने बड़ा हमला किया है। रूस के इस हमले से यूक्रेन की राजधानी कीव दहल गई है। वहीं मिसाइल के धमाकों से पूरा यूक्रेन हिल गया है। राजधानी कीव में कई जगह रूस के हमले के दौरान आग लग गई। धमाकों की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई। जेलेंस्की ने देशवासियों को चेताया है कि रूस बड़े हमले की योजना बना रहा है।
सवेरा होने से पहले कई धमाके
रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार सवेरा होने से पहले कीव में धमाके हुए। कीव अधिकारियों ने बताया कि रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन से हमला किया है। इससे रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा और उनमें आग लग गई। हमले में दो व्यक्तियों की मौत हो गई।
11 घायल अस्पताल में भर्ती
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि रूस के हमलों में 11 लोग घायल हुए हैं जिनको अस्पताल में भर्ती कराया है। क्लिट्स्को ने कहा कि बचावकर्मी नौ मंजिला इमारत के मलबे वाली जगह पर पहुंचे और अंदर फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस सब स्टेशन पर हमले में मेडिकल कर्मचारी घायल हैं।
हमले में आवासीय इमारतें नष्ट
कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख तैमूर तकाचेंको के अनुसार, हमले में दो लोग मारे गए और 16 घायल हैं। हमले में आवासीय इमारतें नष्ट हो गईं। कीव में एक होटल क्षतिग्रस्त हुआ है। इससे बहुमंजिला इमारतें आग की लपटों में घिर गईं हैं। वायुसेना ने चेतावनी जारी की। ओपन-सोर्स के अनुसार रूस ने 10 बॉम्बर विमानों के हमले से कीव और अन्य शहर दहल गए। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि राजधानी पर हुए हमले में शहर की रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया और आम नागरिक व बचावकर्मी घायल हुए।

