Ghaziabad News: शहर के एमएमजी अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड में एक महिला ने जमकर हंगामा किया। महिला अपना बीपी चेक कराने आई थी। महिला का एमएमजी में कार्यरत एक महिला स्टाफ से विवाद हो गया। अस्पताल में भीड़ के कारण 5 मिनट इंतजार करने को कहने पर महिला भड़क गई और अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी।
उसका बीपी केवल महिला डॉक्टर चेक करे
जानकारी के अनुसार महिला ने इमरजेंसी में मौजूद स्टाफ से कहा कि उसका बीपी केवल महिला डॉक्टर चेक करे। इसी बात पर कहासुनी बढ़ी और वह अचानक क्रोधित हो गई। आरोप है कि महिला ने इमरजेंसी के सामान को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान कर्मचारियों से अभद्रता भी की। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विवाद शुरू कर दिया और तोड़फोड़ की
सीएमएस राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि इमरजेंसी में भीड़ होने के कारण महिला को कुछ देर इंतजार करने को कहा गया था, जिस पर उसने विवाद शुरू कर दिया और तोड़फोड़ की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में इस तरह का व्यवहार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की गई है।

