Ghaziabad News: गाजियाबाद पुलिस लाइन में तैनात एक पुलिसकर्मी ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी कर ली है। पहली पत्नी ने इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मी और उसके परिजनों ने महिला के साथ मारपीट की और बच्चों सहित उसे घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी, सास-ससुर और देवर सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
16 वर्ष पूर्व हुई थी दीपक के साथ शादी
बुलंदशहर के थाना अगौता क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी पीड़िता सरिता सिरोही ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब 16 वर्ष पूर्व दीपक सिरोही के साथ हुई थी। दीपक वर्तमान में गाजियाबाद पुलिस लाइन में तैनात है। शादी से उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 15 और 12 वर्ष है। आरोप है कि शादी के इतने सालों बाद पति और ससुराल वालों ने पीड़िता को भनक लगे बिना और उसकी कानूनी सहमति के बगैर दीपक की दूसरी शादी करा दी। जब सरिता को इस बात की जानकारी हुई और उसने अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई, तो ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट की। सरिता का आरोप है कि पति अब दूसरी महिला के साथ रह रहा है और उसने सरिता व दोनों बच्चों को दाने-दाने के लिए मोहताज कर दिया है, उन्हें खर्च तक नहीं दिया जा रहा।
पीड़िता ने एफआईआर में आरोप लगाया
पीड़िता ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि जब उसने दूसरी शादी का पुरजोर विरोध किया, तो पति दीपक सिरोही, ससुर सरन कुमार सिरोही, सास मुन्नी देवी, देवर प्रवेश सिरोही, रिश्तेदार रूपेश सिरोही, बेबी और रूबी ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने उसे और उसके बच्चों को अपमानित कर घर से निकाल दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पति ने पुलिसकर्मी होने का धौंस दिखाते हुए उसे शिकायत न करने की धमकी दी और कहा कि अगर उसने कानूनी कदम उठाया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

