Ghaziabad News: जनपद गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में पुलिस और शातिर स्नैचर के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान चेन स्नैचर के पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया। आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। घटना वैशाली सेक्टर-5 के पास उस समय हुई जब पुलिस टीम नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी।
स्कूटी सवार संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया
इस दौरान पुलिस ने एक स्कूटी सवार संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया। स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल, पुत्र अरविंद, निवासी दयालपुर दिल्ली के रूप में हुई
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल, पुत्र अरविंद, निवासी दयालपुर दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लूटी गई पीली धातु की चेन का टूटा हुआ हिस्सा और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। बताया जाता है कि पुलिस की गोली से घायल आरोपी शातिर चेन लुटेरा गाजियाबाद के अलावा दिल्ली और एनसीआर में चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही है।

