Ghaziabad News: इंदिरापुरम थाना पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान दो चेन स्नैचरों के पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चेन स्नैचरों की पहचान कानपुर देहात के जगदीशपुर निवासी सौरभ और भरथना इटावा निवासी अमन यादव के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने इंदिरापुरम क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की वारदातों को स्वीकार किया है।
पुलिस पर फायरिंग की और भागने का प्रयास
इंदिरापुरम एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि इंदिरापुरम पुलिस कनावनी पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सेक्टर-5 और सेक्टर-6 की ओर से बाइक पर दो युवकों को आते देख उनको रुकने का इशारा किया। दोनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की और भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों के खिलाफ लूट और चेन स्नैचिंग के मुकदमा
पुलिस के अनुसार, चेन स्नैचर्स सौरभ के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, लूट और चेन स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं। अमन यादव के खिलाफ लूट और चेन स्नैचिंग के मुकदमे दर्ज हैं।

