Ghaziabad News: नगर निगम के खिलाफ धरने पर बैठे रमते राम रोड स्थित रामनुज दयाल मार्केट के व्यापारियों ने आज महापौर सुनीता दयाल और नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के खिलाफ अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों के प्रदर्शन का आज सोमवार को 13 वां दिन था। व्यापारी धरने प्रदर्शन पर बैठे हैं लेकिन व्यापारियों के बीच ना तो महापौर सुनीता दयाल पहुंची और ना नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक। इससे व्यापारियों में दोनों के प्रति रोष है।
ये सब महापौर की बदौलत ही है
व्यापारियों का कहना है कि महापौर सुनीता दयाल शहर में विकास कार्यों का ढिढोरा तो पीट रही हैं लेकिन उनको व्यापारियों की समस्या से कोई मतलब नहीं है। जबकि आज व्यापारी धरने पर जो बैठा हुआ है ये सब महापौर की बदौलत ही है। अर्धनग्न होकर प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने आज महापौर और नगर आयुक्त की बुद्धिशुद्धि के लिए हवन यज्ञ किया। व्यापारियों का कहना है कि महापौर के कारण ही एक ही बाजार में कुछ दुकानों पर गृहकर और कुछ दुकानों पर ऊंची दरों पर किराया लगाया गया है जो कि गलत है। व्यापारियों का कहना है कि महापौर या तो सभी दुकानदारों पर किराया या फिर गृहकर की दरों को लागू करें।
धरने प्रदर्शन को 13 वां दिन हो गया
नगर निगम गाजियाबाद के खिलाफ रामानुज दयाल मार्केट रमते राम रोड बी ब्लॉक एवं सी ब्लॉक के सभी व्यापारियों ने अर्धनग्न होकर धरना प्रदर्शन शुरू किया। व्यापारियों में इस बात को लेकर आक्रोश था कि उनके धरने प्रदर्शन को 13 वां दिन हो गया है। लेकिन उनकी बात को सुनने के लिए कोई भी उनके बीच नहीं पहुंचा है। इसके बाद सभी व्यापारियों ने महापौर और नगर आयुक्त की बुद्धि शुद्धि के लिए हवन यज्ञ किया।
महापौर और नगर आयुक्त को सदबुद्धि आए
हवन कर रहे व्यापारियों ने बताया कि हमने ईश्वर से प्रार्थना की है कि महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमा दित्य सिंह मलिक को सदबुद्धि आए। धरनारत व्यापारियों ने कहा कि हमारी मांग पूर्ण रूप से उचित है उसे पूरी करें। व्यापारियों ने कहा कि वो मीडिया के माध्यम से सभी को अवगत कराना चाहते हैं कि नगर निगम गाजियाबाद यह न सोचे कि व्यापारी ऐसे ही अपना धरना प्रदर्शन करते रहेंगे। हमें कोई सुनवाई करने की जरूरत नहीं है हमारी उचित मांग अगर पूरी नहीं हुई तो मजबूरन सभी व्यापारियों को सड़क पर या नगर निगम में हल्ला बोल आंदोलन करने पर मजबूर होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी महापौर और नगर निगम के अधिकारियों की होगी। आज धरना प्रदर्शन करने वालों में महेश मित्तल, अजय कुमार गर्ग, अरविंद गौतम, हार्दिक गर्ग, अनिल जैन, मनोज जैन, अमित कुमार, आनंद, जयप्रकाश, अशोक गर्ग, प्रदीप शर्मा, भारत बजाज, बिट्टू, सोनू, देवेंद्र गुप्ता, चौधरी साहब, अनिल शर्मा और विक्की जैन आदि व्यापारी उपस्थित रहे।

