Noida News: नोएडा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हादसों और अन्य घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई है। इनमें भवन निर्माण कार्य के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई। स्विमिंग पूल में डूबकर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिले में अन्य घटनाओं और आत्महत्या मामलों में कई लोगों की जान गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
सातवीं मंजिल से नीचे गिर गए
एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के सेक्टर-129 स्थित निर्माणाधीन भवन में काम करते समय बिहार जमुई निवासी अशोक मांझी सातवीं मंजिल से नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उसको अस्पताल ले जाया गया। जहां मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अमित ने बताया कि परिजनों को सूचना दी गई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसी थाना क्षेत्र के सेक्टर-135 स्थित फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में मणिपुर निवासी लकी सनवऊ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस की जांच में आशंका जताई जा रही है कि स्विमिंग के दौरान युवक को हार्ट अटैक आया। जिससे वह पानी में डूब गया। पुलिस ने घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ की है।
महिला ने जहरीला पदार्थ खाया
थाना फेस-2 क्षेत्र में बुलंदशहर निवासी 33 वर्षीय डॉली ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें सेक्टर-110 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इलाहाबाद गांव में फर्रुखाबाद निवासी 35 वर्षीय अतुल सिंह की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मानसिक तनाव के चलते फंदा लगाकर की आत्महत्या
थाना बिसरख क्षेत्र में हैबतपुर गांव की 16 वर्षीय लक्ष्मी और रोजा जलालपुर निवासी आजाद ने मानसिक तनाव के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों मामलों में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के अंतर्गत खोड़ा कॉलोनी निवासी अंशी पोरवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वह परिवार के साथ घूमने गई थी, जहां गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई। फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में आगे की कार्रवाई गाजियाबाद पुलिस करेगी। थाना जेवर क्षेत्र के चिरौली गांव में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे झांसी निवासी मजदूर जोगेंद्र दास को काम के दौरान बिजली का करंट लग गया, जिससे वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

