Noida Crime News: नोएडा की नामी आईटी कंपनी का 34 लाख का पैकेज पाने वाला सॉफ्टवेयर इंजीनियर जाली नोट छापते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
इंजीनियर को घर से गिरफ्तार किया
हरियाणा की फरीदाबाद पुलिस ने आरोपी इंजीनियर को उसके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले दो दिनों से फरीदाबाद के एक बड़े होटल में रुका था और अचानक कमरे को ताला लगाकर गायब था। होटल स्टाफ की सतर्कता और कमरे से मिले संदिग्ध सामान के बाद पुलिस ने जब छानबीन शुरू की, तो हाईप्रोफाइल फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
शक होने पर बुलाई गई पुलिस
फरीदाबाद पुलिस के यशपाल सिंह ने बताया कि सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अंतर्गत नामी होटल ‘सरोवर पोर्टिको’ के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी थी। होटल स्टाफ ने बताया कि विनायक झा नामक एक युवक ने 26 जून को होटल में कमरा नंबर 404-B बुक कराया था। वह दो दिनों से इस कमरे में रुका था। लेकिन अचानक कमरे का ताला बंद चला गया और अपने साथ कमरे की चाबी ले गया। कमरे में किसी की कोई आवाजाही न होने और युवक का सुराग न मिलने पर होटल प्रबंधन को अनहोनी की आशंका हुई। जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
कमरे का नजारा देख पुलिस के होश उड़े
मास्टर चाभी से कमरा नंबर 404-B, भीतर का नजारा देख पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस जब कमरे के भीतर दाखिल हुई तो वहां युवक मौजूद नहीं था। लेकिन कमरे के भीतर टेबल पर सामान बिखरा पड़ा था, उसे देखकर पुलिस टीम के होश उड़ गए। कमरे के अंदर से एक लैपटॉप, एक हाई-क्वालिटी प्रिंटर, जाली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला कागज, 500 रुपये का तैयार नकली नोट और 100-100 रुपये के 10 नकली नोट बरामद किए गए। होटल के कमरे को बकायदा नकली नोट छापने की मिनी फैक्ट्री के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
इंजीनियर ने होटल में कमरा बुक करते समय असली पहचान छुपाने की कोशिश नहीं की। अपने ही नाम से बुकिंग कराई थी। पुलिस ने तुरंत होटल रिकॉर्ड में जमा की आईडी और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी इंजीनियर फरीदाबाद के ही सेक्टर-17 के मकान नंबर 1039 का रहने वाला विनायक झा है। पुलिस टीम ने बताए गए पते पर ताबड़तोड़ दबिश दी, जहां आरोपी विनायक झा घर में मिल गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर होटल के कमरे और वहां से बरामद हुए लैपटॉप-प्रिंटर के बारे में पूछताछ की। वह कोई साफ और संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
35 लाख रुपये महीना सैलरी
पुलिस की जांच में आरोपी विनायक झा की प्रोफाइल ने पुलिस अधिकारियों को हैरान कर दिया है। विनायक झा नोएडा की बड़ी आईटी कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उसका सालाना पैकेज 34 लाख रुपये है। उसका पारिवारिक बैकग्राउंड भी बेहद मजबूत और संभ्रांत है। उसके पिता अभिनव जीत झा सरकारी विभाग में ऊंचे पद पर कार्यरत हैं और उसकी माता सरकारी महकमे में एक क्लास-वन ऑफिसर हैं। आरोपी विनायक ने बेंगलुरु के एक नामी और प्रतिष्ठित संस्थान से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है।

