Ghaziabad News: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने आरडीसी में अवैध पार्किंग वसूली करने वाले एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूली
जीडीए अधिकारियों को शिकायत मिली थी कि आरडीसी स्थित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना के प्लॉट पर वाहनों को खड़ा कराकर अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूल रहे हैं। शिकायत के बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पार्किंग शुल्क वसूलने की अनुमति नहीं
निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति वाहन चालकों से बिना किसी अधिकृत अनुमति के पार्किंग शुल्क वसूलता पाया गया। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि संबंधित स्थल पर किसी भी व्यक्ति या संस्था को पार्किंग शुल्क वसूलने की अनुमति नहीं दी गई है। शिकायत सही पाए जाने पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।
अभियान लगातार रहेगा जारी
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध वसूली, अतिक्रमण और अन्य अनियमित गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध पार्किंग शुल्क वसूली, अतिक्रमण या किसी प्रकार की अनियमितता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल प्राधिकरण अथवा स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

