Ghaziabad News: जीडीए ने अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर अभियान छेड़ा है। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद जीडीए की टीमों ने ग्रुप हाउसिंग आवासीय परिसरों, होटल, बैंक्वेट हॉल, कोचिंग, अस्पताल और बहुमंजिला भवनों की जांच की है। अब तक 206 भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों में कमियां मिली हैं। इनमें से 56 में सीलिंग की कार्रवाई की है। जीडीए ने जनसुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए अग्निशमन विभाग को 100 करोड़ रुपये की मदद भी दी है।
जीडीए की प्रवर्तन टीमें शहर के विभिन्न जोन में स्थलीय निरीक्षण कर रही
जीडीए की प्रवर्तन टीमें शहर के विभिन्न जोन में स्थलीय निरीक्षण कर रही हैं। टीम फायर एनओसी, फायर अलार्म, हाइड्रेंट, स्प्रिंकलर सिस्टम और आपातकालीन निकास मार्ग की जांच कर रही है। अब तक 206 ऐसे भवन चिन्हित किए गए हैं जहां अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिला। इनमें से 56 भवनों पर सीलिंग और प्रवर्तनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित है। शेष प्रकरणों में भी नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सूचित कर दिया गया है।
आवासीय परिसरों की RWA को पत्र जारी कर निर्देश दिए
जीडीए ने सभी समूह आवासीय परिसरों की RWA को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं। RWA को फायर सिस्टम, आपातकालीन निकास और फायर ड्रिल सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्राधिकरण ने अपील की है कि फायर ड्राइव-वे और निकास मार्गों को अवरोधमुक्त रखा जाए। GDA ने अग्निशमन विभाग की क्षमता बढ़ाने के लिए 100 करोड़ रुपये दिए हैं। इस राशि से आधुनिक अग्निशमन उपकरण और विशेष फायर फाइटिंग संयंत्र खरीदे जा रहे हैं, ताकि बहुमंजिला इमारतों में आग पर त्वरित नियंत्रण पाया जा सके। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जनसुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। अग्नि सुरक्षा मानकों की अवहेलना करने वाले संस्थानों पर कठोर कार्रवाई होगी। सभी भवन स्वामी फायर एनओसी का नवीनीकरण कराएं, उपकरणों का रखरखाव करें और मॉक ड्रिल कराएं।

